पहले नेपाल ने इंग्लैंड के छुड़ाए पसीने, आखिर ओवर में बनाने थे 10 रन, फिर सैम करन ने हारे हुए मैच में फूंकी जान
T20 World Cup 2025: नेपाल को हराने में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। आखिरी ओवर में सैम करन ने 10 रन बचाते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
- Written By: संजय बिष्ट
इंग्लैंड बनाम नेपाल (फोटो- सोशल मीडिया)
ENG vs NEP: टी20 विश्व कप में रविवार को ग्रुप सी के मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को चार रन से हराकर मुश्किल जीत दर्ज की। यह मैच अंत तक रोमांच से भरा रहा और नेपाल की टीम उलटफेर करने के बेहद करीब पहुंच गई थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए थे, जिसके जवाब में नेपाल की टीम 6 विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी।
मैच का फैसला आखिरी ओवर में हुआ, जहां नेपाल को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाज सैम करन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी।
आखिरी ओवर में सैम करन का कमाल
नेपाल की ओर से लोकेश बाम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। उन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए और नेपाल की जीत की उम्मीद जिंदा रखी। अंतिम ओवर में नेपाल को 10 रन की जरूरत थी, लेकिन सैम करन ने दबाव में सटीक यॉर्कर फेंकते हुए सिर्फ पांच रन दिए।
करन की कसी हुई गेंदबाजी के कारण नेपाल के बल्लेबाज बाउंड्री नहीं लगा सके। ओवर की पहली और पांचवीं गेंद पर लोकेश बाम रन बनाने में सफल नहीं हो पाए, जिससे नेपाल की जीत की उम्मीद खत्म हो गई और इंग्लैंड ने मैच अपने नाम कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
T20 World Cup के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान, 5 नए चेहरों की स्क्वॉड में एंट्री; इस दिन होगा IND-PAK महामुकाबला
10828 रन और 380 विकेट लेने वाले मैच-विनर ने बीच सीजन लिया संन्यास, टीम इंडिया के खिलाफ किया था डेब्यू
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लिश टीम घोषित, रॉबिन्सन की वापसी, 3 नए खिलाड़ियों की एंट्री
इंग्लैंड क्रिकेट ने उठाया बड़ा कदम, मार्कस नॉर्थ बने मेंस टीम के नेशनल सिलेक्टर
नेपाल ने दिल जीतने वाला प्रदर्शन किया
भले ही नेपाल यह मुकाबला जीत नहीं सका, लेकिन टीम ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। वानखेड़े स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने नेपाल के खिलाड़ियों का शानदार जज्बा देखा। नेपाल की ओर से कप्तान रोहित पौडेल ने 39 रन बनाए, जबकि दीपेंद्र सिंह ऐरी ने भी 39 रन की अहम पारी खेली। कुशाल भुर्तेल ने 29 रन जोड़े और लोकेश बाम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर मैच को रोमांचक बना दिया।
मैच के अंतिम चरण में नेपाल को आखिरी तीन ओवर में 46 रन की जरूरत थी। इस दौरान लोकेश बाम ने तेज बल्लेबाजी करते हुए जोफ्रा आर्चर और ल्यूक वुड के ओवरों में चौके-छक्के लगाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। वहीं पौडेल और ऐरी के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK विवाद के बीच सौरव गांगुली का बड़ा धमाका! बताया कौन सी टीम उठाएगी वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी
इंग्लैंड की पारी में ब्रूक और बेथेल चमके
इससे पहले इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी की। ब्रूक ने 32 गेंदों में 53 रन की अहम पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने टी20 विश्व कप में अपने डेब्यू मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 55 रन बनाए। उन्होंने 35 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। ब्रूक और बेथेल के बीच चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड ने यह मुकाबला भले ही जीत लिया, लेकिन नेपाल की चुनौती ने यह साफ कर दिया कि इस विश्व कप में छोटी टीमें भी बड़े उलटफेर करने की क्षमता रखती हैं।
