ENG vs NEP: इंग्लैंड ने 4 रन से जीता मुकाबला...तो नेपाल क्रिकेट टीम ने जीत लिया लाखों फैंस का दिल

ENG vs NEP: वानखेड़े में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने रोमांचक मुकाबले में नेपाल को 4 रन से हराया। वहीं, लोकेश बम की विस्फोटक पारी नेपाल के काम नहीं आई, लेकिन इस मैच के बाद नेपाल ने लाखों फैंस का दिल जीता।
England beat Nepal by 4 Runs
इंग्लैंड ने नेपाल को वानखेड़े में 4 रन से हराया (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

England vs Nepal, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो चुकी है और शुरुआती मुकाबलों में ही दर्शकों को कई रोमांचक मैच देखने को मिले। 8 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड और नेपाल के बीच खेला गया मुकाबला भी काफी दिलचस्प रहा। इस मैच में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आखिरी ओवर में लक्ष्य से चूक गया और उसे 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए थे, जिसके जवाब में नेपाल की टीम 20 ओवर में 180 रन तक ही पहुंच सकी। हालांकि हार के बावजूद नेपाल की टीम ने अपने खेल से क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया।

नेपाल की दमदार बल्लेबाजी

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की शुरुआत संभली हुई रही। ओपनर आसिफ शेख और कुसल भुर्तेल ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। आसिफ 7 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कुसल भुर्तेल 29 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कप्तान रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह एरी ने पारी को संभाला और रन गति को बनाए रखा। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने मैच को रोमांचक बना दिया। दीपेंद्र सिंह एरी 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित पौडेल 39 रन की पारी खेलकर वापस लौटे। मिडिल ऑर्डर में लोकेश बम ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। उन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इंग्लैंड की गेंदबाजी ने दिलाई जीत

आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। सैम करन ने अंतिम ओवर में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 5 रन दिए और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। लियम डॉसन ने भी 2 विकेट लेकर इंग्लैंड की जीत में अहम योगदान दिया।

इंग्लैंड की पारी का हाल

इस मुकाबले में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी विकेट गंवा दिए। फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर भी 26 रन ही बना सके। टॉम बैंटन 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि इसके बाद जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला। बेथेल ने 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 55 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक ने 32 गेंदों में 53 रन की कप्तानी पारी खेली। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में दीपेंद्र सिंह एरी और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शेर मल्ला और संदीप लामिछाने को 1-1 विकेट मिला।

नेपाल ने दिल जीता

भले ही नेपाल यह मुकाबला जीत नहीं सका, लेकिन जिस जज्बे के साथ टीम ने लक्ष्य का पीछा किया, उसने क्रिकेट प्रेमियों को प्रभावित किया। इस मैच ने साबित कर दिया कि नेपाल की टीम बड़े मंच पर किसी भी मजबूत टीम को कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com