DC vs PBKS: अरुण जेटली स्टेडियम में आया राहुल-राणा का तूफान, DC ने बनाया आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा स्कोर

IPL 2026 के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए रनों की बारिश कर दी। केएल राहुल और नितीश राणा की रिकॉर्ड साझेदारी से टीम ने सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
Delhi Capitals Create History in IPL 2026
केएल राहुल और नितीश राणा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi Capitals Create History in IPL 2026: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनों की बारिश कर दी। टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर मैच में पूरी तरह दबदबा बनाया। इस मुकाबले में केएल राहुल और नीतीश राणा ने रिकॉर्डतोड़ पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

टॉस जीतकर लिया सही फैसला

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में रखा।

सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बना

इस शानदार प्रदर्शन के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था, जिन्होंने दिल्ली के खिलाफ ही 254 रन बनाए थे। दिल्ली ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।

केएल राहुल का धमाकेदार शतक

इस मुकाबले में केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 152 रन बनाए। उन्होंने 67 गेंदों की अपनी पारी में 16 चौके और 9 छक्के लगाए। राहुल ने सिर्फ 47 गेंदों में शतक पूरा किया और अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस पारी के साथ वह आईपीएल में 6 शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।

नीतीश राणा का शानदार साथ

केएल राहुल के साथ नीतीश राणा ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 220 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को मजबूत आधार दिया।

दिल्ली के बल्लेबाजों के सामने पंजाब किंग्स के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 49 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर में 69 रन खर्च किए। इस पारी के साथ केएल राहुल ने क्रिस गेल की बराबरी कर ली और आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के लिए एक से ज्यादा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com