केएल राहुल का ऐतिहासिक धमाका, पंजाब किंग्स के खिलाफ ठोका शतक, गेल और रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड्स की बराबरी

DL vs PBKS: आईपीएल 2026 के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ दमदार शतक जड़कर मैच में छाप छोड़ दी।
DC vs PBKS: केएल राहुल का ऐतिहासिक धमाका, 47 गेंदों में ठोका शतक; गेल और रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड्स की बराबरी
पंजाब किंग्स के खिलाफ शतक लगाने के बाद केएल राहुल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

KL Rahul Century: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को तीसरे ओवर में ही अर्शदीप सिंह ने बड़ा झटका दे दिया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद केएल राहुल ने मोर्चा संभाला और नितीश राणा के साथ मिलकर पारी को संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। दोनों ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और 10 ओवर के भीतर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया, जिससे दिल्ली मैच में मजबूती से लौट आई।

केएल राहुल का धमाकेदार शतक

राहुल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में सैकड़ा जमाया और अपनी टीम को बड़े स्कोर की दिशा में आगे बढ़ाया। यह उनके आईपीएल करियर का छठा शतक रहा, जिसमें उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए।

क्रिस गेल की बराबरी पर पहुंचे राहुल

इस शतक के साथ केएल राहुल ने आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली है। दोनों खिलाड़ियों के नाम अब 6-6 शतक दर्ज हैं। राहुल अब भारतीय खिलाड़ियों में विराट कोहली के रिकॉर्ड से केवल दो शतक दूर हैं। कोहली के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा 8 शतक हैं, जो अब भी शीर्ष पर कायम हैं।

IPL में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

  • विराट कोहली - 8
  • जोस बटलर - 7
  • क्रिस गेल - 6
  • केएल राहुल - 6
  • संजू सैमसन - 5

टी20 में रोहित शर्मा के बराबर पहुंचे

केएल राहुल ने इस पारी के साथ टी20 क्रिकेट में भी बड़ा मुकाम हासिल किया। यह उनके टी20 करियर का आठवां शतक था, जिससे वह रोहित शर्मा की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के नाम अब 8-8 शतक दर्ज हैं। वहीं इस सूची में विराट कोहली और अभिषेक शर्मा 9-9 शतकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।

T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय

  • अभिषेक शर्मा - 9
  • विराट कोहली - 9
  • रोहित शर्मा - 8
  • संजू सैमसन - 8
  • केएल राहुल - 8

जीवनदान का उठाया पूरा फायदा

इस पारी में केएल राहुल को किस्मत का भी साथ मिला। पावरप्ले के दौरान 12 रन के स्कोर पर उन्हें जीवनदान मिला, जब शशांक सिंह ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद राहुल ने कोई गलती नहीं की और इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार शतक जड़ दिया।

यह शतक राहुल का आईपीएल में सबसे तेज शतक भी रहा। इससे पहले उनका सबसे तेज सैकड़ा 2022 में मुंबई के खिलाफ 56 गेंदों में आया था। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जिसमें उन्होंने ऋषभ पंत के 128* रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com