

Pakistan Beat Sri Lanka In First T20: पाकिस्तान ने बीते शुक्रवार को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 मैच में साहिबजादा फरहान की कप्तानी पारी और माज सदाकत के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका को 4 विकेट से हरा दिया।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 गेंदें शेष रहते 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 187 रन बनाकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 9 रन के स्कोर पर अपना पहला और 18 रन पर दूसरा विकेट गंवा दिया। शुरुआती झटकों के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज लाहिरू उदरा और कामिंदु मेंडिस ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 60 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
श्रीलंका टीम ने एक समय 78 रन पर तीसरा और 83 रन पर अपना चौथा विकेट खो दिया था, लेकिन लाहिरू उदरा टिके रहे। उन्होंने इसके बाद दासुन शनाका के साथ 57 रनों की पार्टनरशिप की और अंत में दुनिथ वेलालगे के साथ मिलकर 27 रन जोड़े। लाहिरू ने 55 गेंदों में 91 रनों की आतिशी पारी खेलकर श्रीलंका को 20 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
183 रनों के चुनौतिपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाज फखर जमान 13 गेंदों में 21 रन और कप्तान साहिबजादा फरहान के बीच पहले विकेट के लिए 54 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
फखर के आउट होने के बाद मैदान पर आए माज सदाकत ने कप्तान का बखूबी साथ निभाया। साहिबजादा फरहान और माज सदाकत के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका को मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया।
कप्तान फरहान ने 167 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 89 रनों की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वहीं, माज सदाकत ने भी 29 गेंदों में 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर पाकिस्तान टीम की जीत की राह आसान कर दी। अंत में पाकिस्तान ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।