बांग्लादेशी टाइगर्स ने कैरेबियन किंग्स को दी पटखनी, वेस्टइंडीज का किया सूपड़ा साफ, सीरीज पर 3-0 से जमाया कब्जा

बांग्लादेश ने तीसरे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 80 रन से हराकर सीरीज 3-0 से जीत ली है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रनों का स्कोर बनाया।
बांग्लादेश ने टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप किया
बांग्लादेश टीम (सौजन्यः एक्स)
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: बांग्लादेश ने वेस्टइंडिज का टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया है। बांग्लादेश ने तीसरे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 80 रनों से मात देकर सीरीज में 3-0 से जीत हासिल कर ली है। वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 190 रनों का लक्ष्य था, लेकिन कैरेबियाई टीम 16.4 ओवर में 109 रनों पर ढेर हो गई।

बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। 189 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर पवेलियन लौटते रहे। ओपनर ब्रैंडन किंग बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं जॉनसन चार्ल्स ने 18 गेंदों पर 23 रनों का योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से रोमारिया शेफर्ड ने 27 गेंदों पर सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 3 छक्के लगाए। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन ने 10 गेंदों पर 15 रन बनाए। रोस्टन चेस, रोवमैन पॉवेल और जस्टिन ग्रेव्स जैसे बल्लेबाजों ने निराश किया। बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन सबसे सफल गेंदबाज रहे। रिशाद हुसैन ने वेस्टइंडीज के 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।

इसके अलावा तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2 विकेट लिए। जबकि तनजीम हसन साकिब और हसन महमूद को 1-1 सफलता मिली। बांग्लादेश के लिए जक्कर अली चमके इससे पहले बांग्लादेश के लिए जक्कर अली ने तूफानी पारी खेली। जक्कर अली ने 41 गेंदों पर 72 रनों का योगदान दिया।

उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 6 छक्के लगाए। परवेज हुसैन इमोन ने 21 गेंदों पर 39 रन बनाए। जबकि मेहदी हसन मिराज ने 23 गेंदों पर 29 रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। इसके अलावा अल्जारी जोसेफ, रोस्टन चेस और गुडाकेश मोटे को 1-1 सफलता मिली।

Navbharat Live
navbharatlive.com