Birthday: आज जन्मे तीन भारतीय क्रिकेटर, एक ने वर्ल्ड कप जीत में निभाई अहम भूमिका

3 August Birthday: भारतीय क्रिकेट के लिए 3 अगस्त का दिन बहुत स्पेशल है। इसके पीछे का कारण भी कुछ खास ही है। 3 अगस्त को भारत के तीन क्रिकेटरों ने जन्म लिया। इन सभी ने क्रिकेट में अपनी गहरी छाप छोड़ी।
3 अगस्त : आज ही जन्मे तीन भारतीय क्रिकेटर, एक ने वर्ल्ड कप जीत में निभाया अहम रोल
बलविंदर संधू (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

भारतीय क्रिकेट के लिए 3 अगस्त का दिन बहुत स्पेशल है। इसके पीछे का कारण भी कुछ खास ही है। 3 अगस्त को भारत के तीन क्रिकेटरों ने जन्म लिया। इन सभी खिलाड़ियों ने क्रिकेट में अपनी गहरी छाप छोड़ी। जबकि इनका करियर इतना लंबा नहीं चला। इनमें से एक खिलाड़ी ने भारत को विश्व चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई है। उस खिलाड़ी का नाम बलविंदर संधू है, जो कि 1983 के फाइनल में टीम इंडिया का हिस्सा थे।

बलविंदर संधू

विश्व कप 1983 के फाइनल मैच में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज गॉर्डन ग्रीनिज को आउट करके भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले संधू का जन्म साल 1956 में बॉम्बे में हुआ था। दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज संधू गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर थे। वह एक उपयोगी बल्लेबाज भी थे। पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में संधू ने दो विकेट लेने के अलावा नौंवे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए भारत की पहली पारी में 71 रन बनाए। संधू के इंटरनेशनल करियर को देखें, तो उन्होंने आठ टेस्ट में 10 विकेट लेने के अलावा 214 रन बनाए। 22 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 16 विकेट दर्ज हैं। बलविंदर संधू ने 55 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 168 विकेट हासिल किए, जबकि 42 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 36 विकेट हैं।

गोपाल शर्मा

साल 1960 को कानपुर में जन्मे गोपाल शर्मा आजाद भारत में उत्तर प्रदेश की ओर से सीनियर भारतीय पुरुष टीम में खेलने वाले पहले क्रिकेटर हैं। दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर ने साल 1985 में टेस्ट डेब्यू किया और इंग्लैंड के खिलाफ करियर की पहली ही पारी में तीन विकेट झटके। गोपाल शर्मा ने टेस्ट करियर में कुल 5 मैच खेले, जिसमें 10 विकेट हासिल किए। 11 वनडे मुकाबलों में भी उनके नाम इतने ही विकेट रहे।

लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, मनिंदर सिंह, अरशद अयूब, शिवलाल यादव, रवि शास्त्री और नरेंद्र हिरवानी जैसे खिलाड़ियों के बीच गोपाल शर्मा अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को ज्यादा लंबा नहीं बना सके। हालांकि, गोपाल शर्मा का फर्स्ट क्लास करियर शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 104 मैच खेलते हुए 30.01 की औसत के साथ 353 विकेट झटके।

अपूर्व सेनगुप्ता

साल 1939 में जन्मे अपूर्व सेनगुप्ता टेस्ट मैच खेलने वाले लखनऊ के पहले खिलाड़ी थे। अपूर्व सेनगुप्ता शानदार लेग ब्रेक गेंदबाज थे, और उम्दा बल्लेबाज भी, जिन्होंने जनवरी 1959 में इकलौता टेस्ट खेला। सेनगुप्ता ने अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच 1958-59 में खेला। वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्विसेज के लिए एक सैन्य कैडेट के रूप में खेलते हुए उन्होंने 35 और नाबाद 100 रन बनाए। उसी सीजन में अपने पहले रणजी ट्रॉफी मैच में उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 32 रन देकर 6 विकेट झटके। सेनगुप्ता ने फर्स्ट क्लास करियर में कुल 45 मैच खेले, जिसमें 21 विकेट लेने के अलावा 1695 रन बनाए।

एजेंसी इनपुट के साथ 

Navbharat Live
navbharatlive.com