91 सालों में भारतीय टीम ने पहली बार किया ऐसा, 3 बल्लेबाजों ने रचा कीर्तिमान

3 Indian Batter Scored More Than 500 run in a Test Series: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान तीन बल्लेबाजों ने 500 रनों का आंकड़ा पार किया है।
91 सालों में भारतीय टीम ने पहली बार किया ऐसा, 3 बल्लेबाजों ने रचा कीर्तिमान
केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

3 Indian Batter Scored More Than 500 run in a Test Series: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज के दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया। भारतीय टीम के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक टेस्ट सीरीज में तीन बल्लेबाजों ने 500 रन बनाए हैं।

इस टेस्ट सीरीज में रवींद्र जडेजा ने अपने बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। यह जडेजा के करियर का पहला मौका है जब वो भारतीय टीम के लिए किसी एक टेस्ट सीरीज में 500 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। ओवल में चल रहे पांचवें भारत-इंग्लैंड टेस्ट की दूसरी पारी में जडेजा को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में 500 रन पूरे करने के लिए 37 रनों की जरूरत थी और उन्होंने तीसरे दिन के खेल के तीसरे सत्र में यह उपलब्धि हासिल कर ली।

गिल और राहुल ने भी बनाए 500 से ज्यादा रन

रवींद्र जडेजा के अलावा भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने भी मौजूदा सीरीज में भारत के लिए 500 से ज़्यादा रन बनाए हैं। यह पहली बार है जब तीन भारतीय बल्लेबाजों ने किसी टेस्ट सीरीज़ में 500 से ज़्यादा रन बनाए हैं। मौजूदा सीरीज में कुल पांच भारतीय बल्लेबाज़ों ने 400 से ज़्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले 1989 में इंग्लैंड में खेली गई एशेज सीरीज के दौरान पांच बल्लेबाज़ों में मार्क टेलर (834), डीन जोन्स (566), स्टीव वॉ (506), एलन बॉर्डर (442) और डेविड बून (442) ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 400 से ज्यादा रन बनाए थे।

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भारत के लिए सर्वाधिक रन

खिलाड़ी मैच पारियां रन उच्चतम स्कोर
शुभमन गिल 5 10 754 269
केएल राहुल 5 10 532 137
रवींद्र जडेजा 5 10 500* 107*
ऋषभ पंत 4 7 479 138
यशस्वी जायसवाल 5 10 411 118

टीम इंडिया ने अपना पहला टेस्ट मैच जून 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला था, लेकिन उनकी पहली टेस्ट सीरीज 1933-34 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई थी। उस तीन मैचों की सीरीज में लाला अमरनाथ भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। तीन मैचों की छह पारियों में उन्होंने कुल 203 रन बनाए थे।

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में गिल भारत के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। एक दोहरे शतक और तीन शतकों की मदद से उन्होंने अब तक कुल 754 रन बनाए हैं। राहुल के नाम 532 रन हैं, जबकि पंत ने सात पारियों में 479 रन बनाए हैं। पंत मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन पैर में लगी चोट के कारण पांचवें टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं।

पंत नहीं तोड़ पाए बड़ा रिकॉर्ड

अगर पंत ओवल में पांचवें और अंतिम टेस्ट में खेलते और 47 रन बनाते तो वह विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज़्यादा रन बनाने का बुद्धि कुंदरन का रिकॉर्ड तोड़ देते। 1964 में भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान कुंदरन ने भारत के लिए कुल 525 रन बनाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com