संजू सैमसन का बढ़ा मान, केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने किया सम्मानित, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल

Sanju Samson: केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को सम्मानित किया, जिन्होंने नॉकआउट में अहम पारियां खेलकर भारत को खिताब दिलाया।
CM Pinarayi honored Sanju Samson
केरल के CM पिनराई विजयन और संजू सैमसन (फोटो- @pinarayivijayan)
Published on
Updated on

CM Pinarayi honored Sanju Samson: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। सोमवार (16 मार्च) को उन्हें मुख्यमंत्री आवास ‘क्लिफ हाउस’ में आमंत्रित किया गया, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह सम्मान संजू के बेहतरीन प्रदर्शन और भारत की खिताबी जीत में उनके योगदान के लिए दिया गया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार प्रदर्शन

संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में कुल 5 मैच खेले और 80.25 की शानदार औसत से 321 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। शुरुआती मुकाबलों में उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 22 और जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन बनाए, जिसके बाद उनकी जगह पर सवाल उठने लगे थे।

नॉकआउट में बने टीम इंडिया के हीरो

आलोचनाओं के बीच संजू सैमसन ने शानदार वापसी की। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में नाबाद 97 रन बनाकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन की पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 89 रन बनाकर टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।

सम्मान समारोह में खास पल

31 वर्षीय संजू सैमसन इस समारोह में पारंपरिक पोशाक में पहुंचे थे। पिनाराई विजयन ने उन्हें एक विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया, जिस पर उनके नॉकआउट मुकाबलों की पारियों (97*, 89, 89) का उल्लेख किया गया था। यह पल संजू और उनके फैंस के लिए बेहद खास रहा।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन का बयान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सीएम विजयन ने लिखा कि "कल (सोमवार) क्लिफ हाउस में भारत के गौरव और केरल के अपने खिलाड़ी, संजू सैमसन की मेजबानी करके मुझे बहुत खुशी हुई। मैंने उन तक केरल के लोगों का गहरा प्यार और खुशी पहुंचाई। उम्मीद है कि वे अपनी हाल की उपलब्धियों से ताकत हासिल करेंगे और नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे। उन्हें मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद अब संजू सैमसन इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की तैयारी में जुट गए हैं। इस बार वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपना नया सफर शुरू करेंगे। फैंस को उनसे इस सीजन में भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com