

Ajinkya Rahane Embarrassing Record: आईपीएल 2026 में जहां कई खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन से रिकॉर्ड बना रहे हैं, वहीं कुछ खिलाड़ियों के नाम अनचाहे आंकड़े भी जुड़ रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ भी ऐसा ही देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में वह बिना खाता खोले आउट हो गए और एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर बैठे। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में रहाणे सिर्फ दो गेंदों का सामना कर सके और बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए।
लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट होने के साथ ही अजिंक्य रहाणे आईपीएल इतिहास में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पार्थिव पटेल को पीछे छोड़ दिया, जो 11 बार ओपनिंग करते हुए बिना खाता खोले आउट हुए थे। अब रहाणे के नाम बतौर सलामी बल्लेबाज 12 डक दर्ज हो चुके हैं, जो उनके खराब फॉर्म को साफ तौर पर दिखाता है।
राजस्थान के खिलाफ मैच में रहाणे का विकेट पारी के दूसरे ओवर में गिरा। नांद्रे बर्गर की शॉर्ट गेंद पर कट शॉट खेलने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों में चली गई। इस शुरुआती झटके ने कोलकाता की पारी को दबाव में ला दिया, क्योंकि टीम ने पहले आठ गेंदों में ही दो विकेट गंवा दिए थे।
आईपीएल 2026 का सीजन अजिंक्य रहाणे के लिए बेहद निराशाजनक साबित हो रहा है। पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद से वह लगातार छह मुकाबलों में बल्ले से फ्लॉप रहे हैं। कप्तान के तौर पर भी वह टीम को अब तक जीत दिलाने में नाकाम रहे हैं, जिससे टीम की स्थिति और खराब होती जा रही है।
इस मुकाबले में कोलकाता की ओपनिंग जोड़ी पूरी तरह फ्लॉप रही। रहाणे से पहले टिम सीफर्ट भी बिना खाता खोले आउट हो गए। आईपीएल इतिहास में यह 13वीं बार हुआ है, जब किसी टीम के दोनों ओपनर डक पर आउट हुए हों। केकेआर के लिए इससे पहले 2014 में ऐसा देखने को मिला था, जब गौतम गंभीर और जैक्स कैलिस भी बिना रन बनाए पवेलियन लौटे थे।