Lakshmipati Balaji became Head coach: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें आगामी घरेलू सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इंडिया-ए टीम का हेड कोच बनाया गया है। गौरतलब है कि यह सीरीज पुडुचेरी में खेली जानी है। लक्ष्मीपति बालाजी IPL में पहले चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेले और फिर बाद में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स की कोचिंग टीम का अहम हिस्सा भी रहे।
इस सीरीज में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। टेस्ट टीम में देवदत्त पडिक्कल की कप्तानी में टीम में साई सुदर्शन, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे और अंशुल कंबोज जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। एकदिवसीय टीम में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में रजत पाटीदार, साई सुदर्शन और हार्दिक पंड्या जैसे नाम हैं। सीरीज में हार्दिक पंड्या की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है।
पहला चार-दिवसीय मैच: 22–25 सितंबर
दूसरा चार-दिवसीय मैच: 29 सितंबर–2 अक्टूबर
वनडे मैच: 6, 9 और 11 अक्टूबर
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ 5 मैचों की यह सीरीज भारतीय क्रिकेट के उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच होगा। वहीं, बालाजी के सामने टीम को अलग-अलग प्रारूपों में बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतारने की चुनौती होगी।
पूर्व तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने भारत के लिए 8 टेस्ट, 30 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वह अपनी स्विंग गेंदबाजी और सटीक लाइन लेंथ के लिए जाने जाते थे। साल 2004 में पाकिस्तान दौरे पर उनका दमदार प्रदर्शन आज भी फैंस याद करते हैं। बाला जी की गेंद फेंकने की स्टाईल ऐसी थी कि बड़े-बड़े बल्लेबाज चौंक जाते और बाला जी का शिकार बन जाते थे। जब भी उनके हाथ में गेंद थमाई जाती विकेट गिरने की उम्मीद बढ़ जाती थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी के लिए यह जिम्मेदारी कोचिंग करियर में एक अहम अवसर माना जा रहा है। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके बालाजी को तेज गेंदबाजी और घरेलू क्रिकेट की अच्छी समझ के लिए जाना जाता है। उनके मार्गदर्शन में इंडिया-ए के युवा गेंदबाजों और बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया-ए जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव मिलेगा।