

Rishabh Das Qualifies 100m Backstroke Final: भारतीय तैराक ऋषभ दास ने रविवार को एशियन गेम्स में पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने हीट्स में 54.85 सेकंड का समय निकालकर कुल पांचवां स्थान हासिल किया। दास अपनी हीट में तीसरे स्थान पर रहे और अब सोमवार को फाइनल में भारत के लिए पदक की चुनौती पेश करेंगे।
भारतीय तैराक ऋषभ दास हीट 3 में जापान के हिदेकाजू ताकेहारा से 0.63 सेकंड पीछे रहे। ताकेहारा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि चीन के एशियन रिकॉर्ड होल्डर जू जियायू ने 52.63 सेकंड के समय के साथ हीट्स में सबसे तेज समय निकाला।
वहीं, भारत के उत्कर्ष पाटिल फाइनल में जगह नहीं बना सके। उन्होंने 56.19 सेकंड का समय निकाला और अपनी हीट में छठे, जबकि कुल मिलाकर 12वें स्थान पर रहे। वह फाइनल के लिए रिजर्व में हैं।
पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स में भारत के रोहित बेनेडिक्टॉन 50.25 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में पांचवें और कुल 12वें स्थान पर रहे। उन्हें रिजर्व स्थान मिला। वहीं, आकाश मणि 50.85 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में आठवें स्थान पर रहे और फाइनल मैच के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके।
टेबल टेनिस के महिला टीम इवेंट में भारत ने रविवार को इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। श्रीजा अकुला ने शुरुआती मुकाबले में भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिया चिताले ने अलमाइरा नेबुचदनेजर को 11-9, 11-8, 11-5 से हराया।
यशस्विनी घोरपड़े ने तीसरे मुकाबले में चित्रा रश्मि को 12-10, 11-4, 11-4 से हराकर भारत की 3-0 से जीत पक्की कर दी। भारत का अगला मुकाबला रविवार दोपहर 12:30 बजे ग्रुप एफ में सिंगापुर से होगा।