स्वर्ण पदक से चूके आयुष शेट्टी, बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत जीतकर रचा कीर्तिमान

Ayush Shetty: एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में 20 वर्षीय आयुष शेट्टी को चीन के शी यूकी के खिलाफ हार मिली, जिसके चलते उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
स्वर्ण पदक से चूके आयुष शेट्टी, बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत जीतकर रचा कीर्तिमान
आयुष शेट्टी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ayush Shetty Badminton Asia Championship: चीन में खेले जा रहे एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के मेंस सिंगल्स फाइनल में 20 साल के भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी पर सभी की नजरें टिकी थीं। खिताबी मुकाबले में उनका सामना चीन के वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी शी यूकी से हुआ। हालांकि इस मैच में आयुष को लगातार दो सेट में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला सिर्फ 42 मिनट में खत्म हो गया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में आयुष ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।

शी यूकी का रहा पूरी तरह दबदबा

फाइनल मुकाबले में चीन के शी यूकी ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। पहले सेट में उन्होंने आयुष शेट्टी को एकतरफा अंदाज में 21-8 से हराया। दूसरे सेट में आयुष ने बेहतर शुरुआत की, लेकिन शी यूकी ने जल्द ही वापसी करते हुए 21-10 से सेट अपने नाम कर लिया और मुकाबला जीत लिया। इस तरह आयुष को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

60 साल बाद रचा इतिहास

भले ही आयुष शेट्टी खिताब जीतने से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक बड़ा इतिहास रच दिया। वह 60 साल बाद ऐसे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के मेंस सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई और मेडल जीता। इससे पहले 1965 में दिनेश खन्ना ने यह उपलब्धि हासिल की थी, जब उन्होंने फाइनल में पहुंचकर गोल्ड मेडल जीता था। इस लिहाज से आयुष इस टूर्नामेंट में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

शानदार सफर, दिग्गजों को दी मात

आयुष शेट्टी का इस टूर्नामेंट में सफर शानदार रहा। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में वर्ल्ड नंबर-4 जोनाथन क्रिस्टी को 23-21, 21-17 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने वर्ल्ड नंबर-1 कुन्लावत वितिदसर्न को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। इन जीतों ने उनके टैलेंट और आत्मविश्वास को साबित किया।

भविष्य के लिए बढ़ी उम्मीदें

आयुष शेट्टी फिलहाल वर्ल्ड रैंकिंग में 25वें स्थान पर हैं और इस प्रदर्शन के बाद उनकी रैंकिंग में सुधार की पूरी उम्मीद है। इस चैंपियनशिप में उनके शानदार खेल को देखते हुए अब उनसे आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com