

Highlights:
पांचवें एशियन पैरा गेम्स 2026 का आज होगा समापन
भारत ने इस बार प्रतियोगिताओं में कुल 114 पदक अपने नाम किए
भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
India Medals in Asian Para Games: जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स 2026 का आज, शनिवार, 24 अक्टूबर को समापन होने जा रहा है। इन खेलों में भारतीय पैरा-एथलीटों ने अपने बेमिसाल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
भारत ने इस बार प्रतियोगिताओं में कुल 114 पदक अपने नाम किए हैं, जो एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है। इन कुल पदकों में 30 स्वर्ण 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं।
आपको बता दें कि आज भारतीय समय के अनुसार, दोपहर ढाई बजे (2:30 PM) शुरू होने वाले भव्य समापन समारोह में भारत के दो चमकते सितारे—निषाद कुमार और मोना अग्रवाल भारतीय ध्वजवाहक की भूमिका निभाएंगे।
इन दोनों ही खिलाड़ियों ने खेलों में दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। स्टार एथलीट निषाद कुमार ने टी-47 वर्ग की ऊंची कूद और लंबी कूद दोनों स्पर्धाओं में स्वर्णिम सफलता हासिल की। इसके साथ ही वह एक ही एशियन पैरा गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के चुनिंदा दिग्गजों में शामिल हो गए हैं।
दरअसल, निशानेबाज मोना अग्रवाल ने भी इन खेलों में अपनी अचूक निशानेबाजी से अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किए। मोना ने सबसे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इसके ठीक बाद, उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। खेलों के अंतिम दिन भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जहाँ पैरा-बैडमिंटन, तीरंदाजी और निशानेबाजी में भारतीय जांबाजों ने सोने के तमगे बटोरे।
भारतीय दल ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही साल 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित पिछले एशियन पैरा गेम्स के 108 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हांगझोऊ में भारत ने 27 स्वर्ण, 32 रजत और 49 कांस्य पदक जीते थे। इस बार 30 स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने पैरा-स्पोर्ट्स की दुनिया में अपनी बढ़ती ताकत का लोहा मनवाया है।