Navbharat Nishanebaaz: ट्रंप का रेवड़ी बांटने का इरादा, चलाया अपनी तस्वीर का सिक्का

Trump Dollar Coin Controversy: निशानेबाज ने ट्रंप के 1 डॉलर के सिक्के, 5,000 डॉलर के चुनावी वादे और झील व स्थानों के नाम बदलने के फैसलों पर व्यंग्य करते हुए उनकी राजनीति पर तंज कसा है।
Trump Dollar Coin Controversy
निशानेबाजफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on
Updated on

Donald Trump Dollar Coin: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने जीते जी अपनी तस्वीर वाला 1 डॉलर का सिक्का चला दिया। अपने 95 रुपए का 1 डॉलर होता है। ऐसा है डॉलर का डीलडौल! कहते हैं- अमेरिका इज ग्रेट, बट डॉलर इज आलमाइटी!'

हमने कहा, 'ट्रंप स्वच्छंद हैं। वह जो चाहे सो कर सकते हैं। भारत में जिस प्रकार राजनीतिक पार्टियां चुनाव के वक्त रेवड़ी बांटती हैं वैसा ही बुखार ट्रंप को भी चढ़ गया है। उन्होंने जुमला दिया कि मध्यावधि चुनाव में उनकी रिपब्लिकन पार्टी जीती तो हर नागरिक को 5,000 डॉलर देंगे। आपको यह भी मालूम होना चाहिए कि ट्रंप सनक में आकर कुछ स्थानों के नाम भी बदल रहे हैं। उन्होंने लेक ऑटेरियो नामक झील का नाम बदलकर लेक अमेरिका कर दिया। उनके दबाव में आकर गूगल व एपल ने अपने मैप एप्लीकेशन में भी अमेरिकी नागरिकों के लिए यह नाम बदल दिए। ट्रंप ने साउथ पार्क को साउथ अमेरिका का नाम दे दिया।'

हमने कहा, 'नाम परिवर्तन में हम भी पीछे नहीं हैं। हमारे देश में इलाहाबाद को प्रयागराज का अधिकृत नाम दिया गया। औरंगाबाद को छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर को धाराशिव का नाम दे दिया गया। यूपी का मुगलसराय अब दीनदयाल नगर कहलाता है। दिल्ली का राजपथ अब कर्तव्य पथ बन चुका है। प्रधानमंत्री निवास सेवा तीर्थ कहलाने लगा। बंगलोर बंगलुरु बना तो मैसूर मैसुरु बन गया। केरल को अब केरलम कहा जाने लगा। मद्रास तो बहुत पहले चेन्नई बन गया। पुराना त्रिवेंद्रम अब तिरुवनंतपुरम कहलाता है। समय के साथ लोगों की जुबान पर नया नाम आ जाता है।'

Trump Dollar Coin Controversy
Women's Asia Cup 2026: श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर महिला एशिया कप फाइनल में बनाई जगह, भारत से होगा मुकाबला

पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, हमारे भारत को विदेशियों ने इंडिया नाम दे दिया था। संविधान में भी दोनों नामों का उल्लेख है। जापान के लोग अपने देश को निप्पॉन और हंगरी के लोग अपने वतन को मग्यार कहते हैं। यूके का मतलब यूनाइटेड किंगडम होता है लेकिन आप उत्तराखंड राज्य चले जाइए। वहां हर होटल, दुकान या प्रतिष्ठान के बोर्ड पर यूके लिखा नजर आएगा। अमेरिका निवासी अपने देश को बोलचाल में स्टेट्स कहते हैं। पुराना बर्मा अब म्यांमार कहलाता है। ब्रिटिश शासनकाल का सिलोन बाद में श्रीलंका बन गया। नाम बदलने से किसी वस्तु की प्रकृति नहीं बदल जाती। पानी कहो या जल, बात एक ही है।'

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी द्वारा

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com