नवभारत संपादकीय: बांग्लादेश सरकार का असहयोगी रवैया, तारिक रहमान ने रद्द की भारत यात्रा

Tarique Rahman India Visit: मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के बाद बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार बनी। उस समय रहमान ने भारत से संबंध सुधारने की बात कही थी लेकिन वह अब भारत आना टाल रहे हैं।
india bangladesh relations tension sheikh hasina tarique rahman
बांग्लादेश प्रधानमंत्री तारिक रहमान(सोर्सः नवभारत डिजाइन)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस और तारिक रहमान की आलोचना के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया है।

  • शेख हसीना को भारत में रहने और मीडिया से बातचीत की अनुमति देने को लेकर बांग्लादेश सरकार ने नाराजगी जताई है।

  • अगले महीने समाप्त होने वाली गंगाजल संधि पर चर्चा के लिए प्रस्तावित वाणिज्यदूत स्तरीय वार्ता भी टाल दी गई है।

India Bangladesh Political Relations: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में अपने देश के वर्तमान प्रधानमंत्री तारिक रहमान की तीखी आलोचना की जिससे भारत-बांग्लादेश संबंधों में नया तनाव आ गया। बांग्लादेश में पहले ही इस बात को लेकर नाराजगी है कि भारत ने 1 वर्ष से अधिक समय से शेख हसीना को अपने यहां रहने दिया है और उन्हें मीडिया से बात करने की आजादी दे रखी है। बांग्लादेश की सरकार बार-बार शेख हसीना को उसके हवाले करने की मांग करती रही है।

भारत ने स्पष्ट किया है कि उसने शेख हसीना की प्रेस कांफ्रेंस में कोई भूमिका नहीं निभाई और न उनकी टिप्पणियों का समर्थन किया है। बांग्लादेश इससे संतुष्ट नहीं है। प्रधानमंत्री रहमान ने अपनी भारत यात्रा रद्द कर दी और अगले सप्ताह होने वाली वाणिज्यदूत स्तरीय वार्ता भी स्थगित कर दी। इस बैठक में अगले माह समाप्त हो रही भारत-बांग्लादेश गंगाजल संधि पर चर्चा होनी थी। इस तरह का अड़ियल रवैया अपनाकर रहमान विवाद को बढ़ा रहे हैं जबकि आपसी बातचीत से मसले का समाधान किया जाना चाहिए।

india bangladesh relations tension sheikh hasina tarique rahman
नवभारत संपादकीय: जम्मू-कश्मीर में फिर आतंकियों का हमला, दो SPO की अपहरण के बाद हत्या

तनाव बनाए रखना दोनों ही देशों के लिए अच्छा नहीं

कूटनीतिक तनाव बनाए रखना दोनों ही देशों के लिए अच्छा नहीं है। परंपरागत पड़ोसी देशों के बीच सद्भाव आवश्यक है। बांग्लादेश को यह नहीं भूलना चाहिए कि उसके निर्माण में भारत की अत्यंत उल्लेखनीय भूमिका रही है। भारत ने वहां प्रोजेक्ट बनाने तथा आर्थिक सहायता देने में भी कसर बाकी नहीं रखी। आज भी बांग्लादेश को बड़े पैमाने पर भारत से बिजली मिलती है। छात्र विद्रोह के बाद शेख हसीना के ढाका से दिल्ली भाग आने के उपरांत बांग्लादेश में भारत विरोधी ताकतें सक्रिय हो गई, वहां का नेतृत्व चीन और पाकिस्तान से निकटता बढ़ाने लगा।

हिंदुओं में असुरक्षा

मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के बाद बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार बनी। उस समय रहमान ने भारत से संबंध सुधारने की बात कही थी लेकिन वहां की आंतरिक राजनीति की वजह से रहमान पर अतिवादियों का दबाव बढ़ गया और वह भारत आना टाल रहे हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और मंदिरों की तोडफोड की घटनाएं बढ़ीं। हिंदुओं में असुरक्षा बढ़ी है।

india bangladesh relations tension sheikh hasina tarique rahman
यवतमाल के बोथ गांव में अवैध शराब का कारोबार, महिलाओं ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

बीएसएफ के जवान पर हमला

हाल ही में घुसपैठिए बांग्लादेशियों व तस्करों ने मिलकर बीएसएफ के जवान पर हमला कर उसके शस्त्र छीनने की कोशिश की। सेवा के अनुशासन की वजह से घायल जवान ने हमलावरों पर आत्मरक्षा मे गोली नहीं चलाई अन्यथा मानवाधिकार संगठन इस घटना का बेजा लाभ उठाते। बांग्लादेशियों की घुसपैठ रोकना आवश्यक है लेकिन वार्ता के बारे में बांग्लादेश का रवैया नकारात्मक बना हुआ है। तारिक रहमान को चाहिए कि शेख हसीना को सुरक्षा की गारंटी देते हुए बांग्लादेश वापस बुलाएं तथा भारत से संबंधों को सामान्य बनाएं।