नवभारत संपादकीय: राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस की बढ़त से बीजेपी की बढ़ी चुनौती?

Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान के जिला परिषद और पंचायत चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन से पार्टी का उत्साह बढ़ा है। कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर नई सियासी चर्चा शुरू हो गई है।
Bhajanlal Sharma
भजनलाल शर्माफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • राजस्थान के जिला परिषद और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बीजेपी से अधिक वोट मिले।

  • ग्रामीण इलाकों में बीजेपी का जनाधार घटने को पार्टी के लिए चुनौती बताया गया है।

  • किसानों और युवाओं की नाराजगी तथा भ्रष्टाचार को बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन की वजह माना गया है।

  • कांग्रेस के सामने गुटबाजी खत्म कर अशोक गहलोत और सचिन पायलट को साथ लाने की चुनौती है।

Congress BJP Rural Vote Share: बीजेपी शासित राजस्थान में कांग्रेस की बयार बहने लगी है। यहां के जिला परिषद और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भारी सफलता मिलना सत्तारूढ़ दल के लिए चुनौतीपूर्ण है। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को कुल मतों का 43 प्रतिशत तथा बीजेपी को 37 प्रतिशत मिला। पंचायत चुनाव में कांग्रेस को 40 प्रतिशत और बीजेपी को 33 प्रतिशत वोट मिले।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को दोनों ही चुनाव में 7 प्रतिशत के आसपास वोट मिले। 2 महीने पूर्व महानगरपालिका व नगरपालिका चुनाव में 10 में से 9 महापालिका के बीजेपी के महापौर निर्वाचित हुए थे। तब बीजेपी व कांग्रेस के मतों में केवल 1 प्रतिशत का फर्क था। इससे स्पष्ट है कि शहरी इलाकों में बीजेपी प्रभाव रखती है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में उसका विरोध हो रहा है।

राजस्थान में बीजेपी का घटता जनाधार

यह बीजेपी के लिए खतरे की घंटी है क्योंकि राजस्थान की शहरी आबादी 27 प्रतिशत और ग्रामीण जनसंख्या 73 प्रतिशत है। लगभग 30 वर्षों में पहली बार बीजेपी का जनाधार घटा है। मुद्दा यह है कि ग्रामीण इलाके में बीजेपी क्यों अलोकप्रिय हो रही है? 5 वर्ष पहले राजस्थान में कांग्रेस की सत्ता थी, लेकिन तब भी जिला परिषद व पंचायत चुनाव में बीजेपी ने बाजी मारी थी। ग्रामीण क्षेत्रों में बीजेपी का प्रभाव घटने से पार्टी का सत्ता में बने रहना मुश्किल हो जाएगा। 3 वर्ष पूर्व विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी ने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया था, जिन्हें कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं था। तब कुछ वरिष्ठ मंत्रियों ने सरकार के कामकाज की आलोचना भी की थी।

Bhajanlal Sharma
'राजनीति में अक्सर दिल टूटते हैं...', फिर हरा हो उठा वसुंधरा राजे का पुराना जख्म, नए बयान से किसे दिया संदेश?

राजस्थान में ग्रामीण आधार बचाने की बीजेपी के सामने चुनौती

2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान राजस्थान की कुल 25 सीटों में से 14 सीट बीजेपी नेतृत्व के एनडीए ने जीतीं तथा कांग्रेस गठबंधन को 10 सीट मिलीं। इसके पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी 25 सीटों पर विजय हासिल की थी जिसका श्रेय तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को था। बाद में हाईकमांड ने वसुंधरा राजे की उपेक्षा की और उनकी बजाय भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद दिया। माना जाता है कि चुनावी हार का कारण किसानों और युवाओं में पनपता असंतोष तथा बढ़ता भ्रष्टाचार है। इसे देखते हुए बीजेपी के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में अपना आधार मजबूत करने की चुनौती है।

Bhajanlal Sharma
कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, BJP और JD-S गठबंधन ने जीतीं सभी 4 सीटें, 23 हजार वोटों के अंतर से मिली हार

गुटबाजी दूर कर कांग्रेस के सामने वापसी की चुनौती

दूसरी ओर इन चुनाव परिषदों से कांग्रेस का हौसला बुलंद हुआ है। यदि वह अपनी गुटबाजी दूर कर ले तो अशोक गहलोत और सचिन पायलट आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फिर सत्ता में ला सकते हैं। पिछली बार कांग्रेस की पराजय का मुख्य कारण अशोक गहलोत और पायलट के बीच की अनबन थी। पायलट मुख्यमंत्री बनना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। गहलोत अनेक वर्षों तक प्रदेश के सीएम रहे लेकिन वह यह पद छोड़ना नहीं चाहते थे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने का ऑफर भी उन्होंने ठुकरा दिया था।

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा