

Highlights:
मालदीव ने पाकिस्तान के साथ 20 रक्षा और अन्य समझौते किए हैं।
एनएसए अजीत डोभाल ने मालदीव के रक्षा मंत्री से सुरक्षा सहयोग पर चर्चा की।
भारत के सामने दक्षिण एशिया में अपना प्रभाव और पड़ोसी देशों से रिश्ते मजबूत करने की चुनौती है।
चीन-पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकी भारत के लिए रणनीतिक चिंता का विषय है।
India Pakistan China Maldives Strategic Ties: भारत के लिए हिंद महासागर में सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मालदीव ने जैसे ही पाकिस्तान के साथ 20 रक्षा व अन्य समझौते किए, भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल का मालदीव के साथ बैठना लाजिमी हो गया था। मालदीव शायद करना भी यही चाहता था।
अजीत डोभाल को मालदीव के रक्षा मंत्री हसन रशीद के साथ मुलाकात करनी पड़ी। कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के दौरान हुई इस बातचीत में दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की। भारत के सामने आज चुनौती केवल सीमा सुरक्षा या पाकिस्तान से मुकाबले की नहीं है। असली चुनौती दक्षिण एशिया में बदलते शक्ति संतुलन की है।
खासकर हमारे पड़ोसियों के साथ रिश्तों में स्थिरता लाने की जरूरत है। भारत के आसपास राजनीतिक बदलाव, आर्थिक निर्भरता और बाहरी शक्तियों की बढ़ती मौजूदगी ने ऐसा रणनीतिक माहौल तैयार कर दिया है, जिसमें चीन अपने आर्थिक महाशक्ति के रुतबे का इस्तेमाल कर रहा है। सवाल उठाया जा रहा है कि क्या भारत अपनी वैश्विक महाशक्ति बनने की इच्छा के साथ-साथ पड़ोस में प्रभावी नेतृत्व कायम रख पा रहा है? पाकिस्तान के साथ हमारे संबंध लंबे समय से खराब रहे हैं, यह कहने की जरूरत नहीं है। जम्मू और कश्मीर में धारा 370 के समाप्त होने के बाद ये और भी ज्यादा खराब हो गए हैं और पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक की हालिया यात्रा से इसमें कोई मरम्मत होने वाली नहीं है। पाकिस्तान के साथ चीन का सामरिक गठबंधन पहले से मजबूत है।
चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) भले ही निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका, फिर भी उसकी क्षेत्रीय रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बांग्लादेश में भी चीन का बुनियादी ढांचे और रक्षा क्षेत्र में निवेश उसे महत्वपूर्ण स्थान देता है। हिंद महासागर में बंदरगाहों और समुद्री गतिविधियों के जरिए चीन अपनी उपस्थिति बढ़ा रहा है। भारत की चिंता यह है कि जो अंतिम प्रभाव है, वह हमारी समुद्री और जमीनी सुरक्षा को संकट में डाल सकता है।
वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा ने दोनों देशों के बीच उन संबंधों को सुधारने में अहम भूमिका निभाई है, जो पिछले कुछ वर्षों से मुश्किल में रहे हैं। नेपाल में भारत विरोधी भावनाओं का पनपना चीन के लिए एक अवसर की तरह रहा। नेपाल भारत और चीन के बीच अपनी रणनीतिक स्वतंत्रता बनाए रखना चाहता है। हमारे संबंधों की सबसे जटिल स्थिति बांग्लादेश के साथ है। प्रत्यर्पण, सीमा सुरक्षा, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और राजनीतिक बयानबाजी जैसे मुद्दे द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित कर रहे हैं।
चीन और पाकिस्तान के साथ बांग्लादेश के बढ़ते संपर्क भी भारत के रणनीतिक आकलन का हिस्सा होने चाहिए। बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध वहां की मौजूदा सरकार तक सीमित नहीं हों, बल्कि व्यापार, ऊर्जा, जल, परिवहन और सांस्कृतिक संबंधों तक व्यापक हों। सारांश यह है कि भारत को अपनी नीति को पांच स्तरों पर आगे बढ़ाना होगा। पहला, चीन के मुकाबले केवल बड़े निवेश की घोषणा नहीं, बल्कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की क्षमता दिखानी होगी। दूसरा, पड़ोसी देशों के राजनीतिक नेतृत्व के साथ-साथ वहां की जनता, कारोबारियों और युवा पीढ़ी के साथ भी संबंध मजबूत करने होंगे।
तीसरा, हिंद महासागर में समुद्री निगरानी, खुफिया सूचनाओं के आदान प्रदान और संयुक्त सुरक्षा सहयोग को बढ़ाना होगा। चौथा, पाकिस्तान के साथ आतंकवाद पर स्पष्ट रुख रखते हुए बांग्लादेश के साथ संवाद के रास्ते खुले रखने होंगे। पांचवां, नेपाल, श्रीलंका, मालदीव और अन्य पड़ोसियों के साथ आर्थिक परस्पर निर्भरता को अवसर में बदलना होगा। इसके लिए विम्सटेक और कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन जैसे क्षेत्रीय मंचों को अधिक प्रभावी बनाना होगा। अहम लक्ष्य यह होना चाहिए कि पड़ोसी देशों की जनता के बीच भारत के पक्ष में सकारात्मक राय बननी चाहिए।
दक्षिण एशिया का बदलता भू-राजनीतिक परिदृश्य भारत की विदेश नीति के सामने नई चुनौतियां पेश कर रहा है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ तनाव, मालदीव का पाकिस्तान से रक्षा सहयोग और नेपाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच चीन अपनी आर्थिक एवं सामरिक ताकत का विस्तार कर रहा है। ऐसे में भारत को अपनी क्षेत्रीय भूमिका, पड़ोसियों का विश्वास और हिंद महासागर में रणनीतिक हित सुरक्षित रखने होंगे।
नवभारत लेख- जय प्रकाश पाराशर के द्वारा