(डिजाइन फोटो)
Harley Davidson Import Duty Cut: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, देश के युवा महंगी और पावरफुल बाइक या मोटरसाइकिल चलाना पसंद करते हैं। अब उनके अरमान पूरे करने के लिए अमेरिका की मशहूर बाइक हार्ले डेविडसन भारत में उपलब्ध है। उसके एक्स 440 टी मॉडल की एक्स शोरूम कीमत वेबसाइट पर 279500 रुपये बताई गई है।’
हमने कहा, ‘अपने यहां पहले ही शौकीन युवा बुलेट, येजदी या जावा जैसी बाइक को लाइक कर रहे हैं। इसके अलावा लाखों रुपये की कावासाकी निंजा, डुकाटी, हायाबुसा, होंडा, नार्टन, सुजुकी, बीएमडब्ल्यू, अप्रिलिया, अपाचे जैसी पावरफुल बाइक भी विश्व के देशों में लोकप्रिय हैं। अपने यहां बजाज की पल्सर के भी हाई एंड माडल हैं।’
पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, मोदी सरकार ने हार्ले डेविडसन बाइक की इम्पोर्ट ड्यूटी घटाकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को खुश कर दिया है। वैसे हार्ले डेविडसन का भारत से पुराना संबंध है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद कबाड़ में निकली इस बाइक के इंजन व पेट्रोल टैंक का इस्तेमाल करते हुए दिल्ली में जुगाडू लोगों ने 8 सीटर वाले बड़े ऑटोरिक्शे बना डाले, जो लाल किले या चांदनी चौक के पास से चलते थे। लखनऊ में भी अधिक सवारी वाले लंबे ऑटो में हार्ले डेविडसन के इंजन का इस्तेमाल किया गया।’
हमने कहा, ‘भारत के व्यस्त ट्रैफिक वाले शहर इतनी पावरफुल बाइक के लायक नहीं हैं। अमेरिका में समर के मौसम में बांहों पर टैटू बनाए हुए तगड़े बाइकर्स के झुंड तेजी से सड़कों पर गुजरते हैं। ये लोग मौजमस्ती के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई हार्ले डेविडसन बाइक चलाते हैं और मीलों लंबा सफर तय करते हैं।’
यह भी पढ़ें:- नवभारत विशेष: कहीं नासूर न बन जाए वित्तीय लेन-देन, क्यों चाहिए सख्त डेटा प्राइवेसी कानून?
पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, भारत में पहले सनबीम, मैचलेस व बीएसए की मोटर साइकिलें चला करती थीं जो रईसों या पुलिस अधिकारियों के पास होती थी। ईवी के इस युग में भी युवाओं की पसंद पेट्रोल वाली वजनदार बाइक है।’
हमने कहा, यह पसंद अपनी-अपनी वाला मामला है। पावरफुल गाड़ी की आवाज से घबराकर लोग खुद ही रास्ता खाली कर देते हैं। आप ऐसी बाइक पर सवार होकर केरल से लद्दाख तक का सफर तय कर सकते हैं। अब संपन्न व शौकीन भारतवासी भी मेक इंडिया रिच अगेन की विचारधारा रखते हैं।