क्या इस बार भी अयोध्या उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर साबित हो सकती है?

BJP- SP Political Start Confrontation: एक बार फिर अखिलेश की अयोध्या राममंदिर दर्शन की भावी यात्रा और उस पर सीएम योगी की प्रतिक्रिया में उस गोलीकांड के जिक्र से गड़े मुर्दे फिर से उखड़ने लगे हैं।
yogi akhilesh political conflict
अखलेश और सीएम योगी के बीच फिर तेज हुई जुबानी जंग (सोर्स : सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अखिलेश यादव के अयोध्या राम मंदिर दर्शन की चर्चा

  • 12 दिसंबर को अखिलेश यादव सपरिवार आ सकते हैं

  • सीएम योगी ने कहा कि दर्शन से पहले उन्हें माफी मंगनी चाहिए

  • 1990 में मुलायम सिंह की सरकार में कार सेवकों पर गोलियां चली थी

Akhilesh Yadav Visit Ayodhya Ram Mandir : अखिलेश यादव के अयोध्या राम मंदिर दर्शन की चर्चा ने सपा और बीजेपी के बीच चुनावी राजनीति के लिए एक नया मुद्दा तैयार कर दिया है। चर्चा सपा नेताओं के बयान से शुरू हुई जिसमें 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के सपरिवार अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर दर्शन करने की बात कही गई थी। इस बयान के कुछ देर बाद ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की यात्रा के कार्यक्रम पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, दर्शन से पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

जब अयोध्या गोलीकांड ने बदल दी यूपी की सियासत

योगी का इशारा 1990 में मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान अयोध्या में कार सेवकों पर गोलियां चलाने की ओर था। वह गोली कांड उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बहुत बड़ा परिवर्तनकारी मुद्दा बना। उस घटना के बाद राममंदिर समर्थकों ने मुलायम सिंह यादव को मुल्ला मुलायम कहना शुरू कर दिया ।

बीजेपी के पक्ष में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण तेज हुआ और मुलायम सिंह यादव को अयोध्या गोली कांड का खामियाजा भुगतना पड़ा । 1991 में बीजेपी को विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता मिली।  221 सीट जीत कर कल्याण सिंह मुख्यमंत्री बने।

इसी के बाद मुलायम सिंह ने मुस्लिम और यादव  मतदाताओं का एक नया एमवाई वोटबैंक तैयार किया और 1992 में समाजवादी पार्टी का गठन भी हुआ।गोलीकांड की प्रतिक्रिया ने जहां बीजेपी को राजनीतिक पहचान दी वहीं मुलायम की राजनीति की राह भी आसान बना दी।

गोली कांड को लेकर राम गोपाल यादव के संसद के बयान भी काफी चर्चित रहे और उत्तर प्रदेश के कई चुनावो में अयोध्या गोलीकांड प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से प्रभावकारी बनता रहा। अब एक बार फिर अखिलेश की अयोध्या राममंदिर दर्शन की भावी यात्रा और उस पर योगी की प्रतिक्रिया में उस गोलीकांड के जिक्र से गड़े मुर्दे फिर से उखड़ने लगे हैं।

2024 में भी अयोध्या से बीजेपी को लगा था बड़ा झटका

पिछले लोकसभा चुनाव में भी अयोध्या से उठे एक मुद्दे ने बीजेपी को बड़ा झटका दिया था।अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या के तब के बीजेपी सांसद लल्लू सिंह ने मिल्कीपुर की एक सभा में बयान दिया कि सरकार तो 272 सीटों पर भी बन जाती है, लेकिन 272 सीटों की सरकार संविधान में संशोधन नहीं कर सकती। उसके लिए दो-तिहाई बहुमत से अधिक या नया संविधान बनाने के लिए दो-तिहाई सीटें चाहिए होती हैं।

इस बयान का समाजवादी पार्टी ने पूरा लाभ उठाया और जोर शोर से यह प्रचारित किया कि बीजेपी दो तिहाई बहुमत लाकर संविधान में संशोधन करना चाहती है और आरक्षण खत्म करना चाहती है।

बीजेपी ने इस बयान को लल्लू सिंह की जबान फिसलने बात कह कर बात संभालने की कोशिश की लेकिन लल्लू सिंह की जुबान से निकली इस बात ने पूर्वांचल के अगले चरणों के चुनाव में बीजेपी को भारी चोट पहुंचाई।

योगी के बयान पर सपा का पलटवार, चंदा चोरी का मुद्दा उठाया

इस बार अयोध्या से फिर एक बात निकली है और यह माना जा रहा है कि यह बात भी दूर तलक जाएगी। जैसे ही मुख्यमंत्री योगी का बयान आया समाजवादी पार्टी का सोशल मीडिया सेल प्रत्युत्तर में सक्रिय हो गया।

यह तो पहले से ही माना जा रहा था कि अखिलेश यादव की राम मंदिर दर्शन की प्रस्तावित यात्रा के प्रचार का मकसद चुनावी राजनीति से जुड़ा है। क्योंकि इससे पहले अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की तरह ही राम मंदिर के दर्शन से परहेज रखा था। वे राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी आमंत्रण के बावजूद शामिल नहीं हुए थे।

उन्होंने कहा था कि जब भगवान राम का बुलावा आएगा तब मैं परिवार के साथ अयोध्या जाकर राम मंदिर का दर्शन करूंगा। एक अन्य मौके पर उन्होंने मीडिया से यह भी कहा था कि इटावा में जो केदारेश्वर महादेव मंदिर हम बनवा रहे हैं उसके पूरा होने के बाद जब कोई शुभ दिन तय होगा तब परिवार के साथ राम मंदिर दर्शन के लिए जाऊंगा।

राम मंदिर बनने के बाद की अयोध्या यात्राओं में भी वे हनुमानगढी में तो दर्शन करते रहे लेकिन राम मंदिर की ओर रुख नहीं किया।

yogi akhilesh political conflict
यूपी चुनाव से पहले राम मंदिर के बहाने अखिलेश का मास्टरस्ट्रोक? BJP के नैरेटिव को चुनौती या हिंदू वोटों पर नजर

जमीन और मुआवजे पर बीजेपी को घेरने की तैयारी

योगी के बयान के बाद इटावा में राम गोपाल यादव ने कहा कि योगी जी को शायद पता नहीं है कि भगवान कण-कण में हैं। मंदिर एक प्रतीक है, जहां लोग जाकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। अगर अखिलेश यादव मंदिर जा रहे हैं तो इसमें किसी को क्या परेशानी है। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्यों दर्द हो रहा है ?

यह निजी आस्था का मामला है और इसे राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है। अखिलेश यादव तो सीधे राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर ही आ गए।उन्होंने इटावा में मीडिया से बात करते हुए सीधे मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने पूछा, "राम मंदिर के चढ़ावे और दान में चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं? एसआईटी जांच के बाद भी दोषियों को कौन बचा रहा है?"

अखिलेश ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर अयोध्या के स्थानीय लोगों की जमीनों को हड़पा गया, उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया और उनका अपमान किया गया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को अयोध्या से 'जीरो'  सीटें मिलेंगी

विश्व हिंदू परिषद और राजभर की इंट्री

सपा और बीजेपी की जुबानी जंग के बीच इस मामले में विश्व हिंदू परिषद का भी दखल हो गया है। परिषद  के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने  कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले भगवान राम, रामचरितमानस, गोस्वामी तुलसीदास और सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए कथित बयानों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी को नमाजवादी पार्टी कह कर मंदिर दर्शन के मुद्दे की धार को और तीखा करने की कोशिश की।

यूपी में बीजेपी सरकार के मंत्री और सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर तो विश्व हिंदू परिषद से भी एक कदम आगे बढ़ गए। उन्होंने मंदिर मुद्दे पर अखिलेश को तो घेरा ही, राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस को भी लपेट लिया। उन्होंने कहा,"अखिलेश जी अब जब आप अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की बात कर ही रहे हैं तो अपने दिल्ली वाली बड़के भैया को भी साथ ले जाइए।

आखिर उनकी मां और उनकी पार्टी ने ही प्रभु श्रीराम को काल्पनिक बताया था।रास्ते में उनसे इतना जरूर कहिएगा कि अयोध्या जाकर अपनी आंखों से देखें। प्रभु श्रीराम कोई कल्पना नहीं हैं। अयोध्या ही रामलला की जन्मभूमि है और विदेशी आक्रांताओं ने वहां मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई थी।"

yogi akhilesh political conflict
बाबरी विवाद से रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा तक...अयोध्या में तस्वीरों में देखें राम मंदिर की 500 साल की कहानी

2027 में राम मंदिर फिर बनेगा मुद्दा !

दो दिन में ही इस मुद्दे को लेकर जिस तरह के वार - पलटवार हो रहे हैं उससे यह लगने लगा है कि इस बार विधानसभा चुनाव में राम मंदिर का मुद्दा एक बार फिर बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है।

अखिलेश यादव और उनकी समाजवादी पार्टी राम मंदिर दर्शन,चंदा चोरी,जमीनों की खरीद फरोख्त  तथा स्थानीय निवासियों को जमीनों का उचित मुआवजा न मिलने जैसे मुद्दों को धार देगी तो बीजेपी समाजवादी पार्टी की हिंदू विरोधी मानसिकता पर हमला करके वोटरों का धुव्रीकरण करने का प्रयास करेगी।