राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP के दिग्गजों के गढ़ में कांग्रेस की सेंध, केंद्रीय मंत्रियों के इलाकों में करारी हार

Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस की स्थिति मजबूत रही और ग्रामीण वोटरों की पसंद कांग्रेस रही। चुनाव परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज बेहद महत्वपूर्ण है।
rajasthan
राजस्थान पंचायत चुनावसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन

  • ग्रामीण वोटरों की पहली पसंद बनी कांग्रेस पार्टी

  • बीजेपी के दिग्गज नेताओं के गढ़ कांग्रेस ने लगाई सेंध

Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान के पंचायत चुनाव ने राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी कि आखिर क्या सच में आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से कांग्रेस बीजेपी के मुकाबले मजबूत स्थिति में है? 2028 में विधानसाभा चुनाव होना है और ऐसे समय में एकतरफा चुनाव परिमाण का आना सत्ताधारी बीजेपी के लिए सिरदर्द पैदा कर दी है।

ग्रामीण इलाकों में हुए चुनावों के परिणामों ने भाजपा के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले से लेकर केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों तक चुनावी तस्वीर एक जैसी नहीं रही। कई ऐसे जिले और विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां भाजपा को कांग्रेस के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के गृह जिले अलवर, अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर और गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह जिले जोधपुर में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के क्षेत्र में उनकी पत्नी और दोनों बेटों को भी हार का सामना करना पड़ा। इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि पंचायत चुनाव में स्थानीय समीकरण, उम्मीदवारों की पकड़ और ग्रामीण मतदाताओं का रुख राजनीतिक दलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

rajasthan
राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री की पत्नी-बेटे हारे, DIG की पत्नी भी नहीं बचा सकीं सीट; कांग्रेस का दबदबा

अलवर में भूपेंद्र यादव के इलाके में कांग्रेस का दबदबा

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के गृह जिले अलवर में कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव में एकतरफा प्रदर्शन किया है। यहां जिला परिषद की कुल 39 सीटों में से कांग्रेस ने 33 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा महज 4 सीटों पर सिमट गई, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

कांग्रेस और भाजपा के बीच सीटों का अंतर ही चुनावी नतीजों की पूरी कहानी बयां करता है। अलवर में कांग्रेस ने भाजपा से 29 सीटें अधिक जीतकर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।

जोधपुर में गजेंद्र सिंह शेखावत के गढ़ में कांग्रेस आगे

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह जिले जोधपुर में भी कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया। पंचायत समिति चुनाव की 351 सीटों में से 349 सीटों के नतीजे सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस ने 195 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को 81 सीटें मिलीं।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी यहां अपनी ताकत दिखाई और 62 सीटों पर कब्जा जमाया। निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 11 सीटें गईं। दो सीटों के परिणाम अभी लंबित हैं। ऐसे में अंतिम आंकड़ों के बाद तस्वीर में मामूली बदलाव संभव है।

बीकानेर में अर्जुन राम मेघवाल के इलाके में भाजपा को झटका

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के गृह जिले बीकानेर में भी कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। जिला परिषद की कुल 41 सीटों में कांग्रेस ने 30 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम किया। भाजपा को केवल 8 सीटों से संतोष करना पड़ा।

वहीं, RLP ने 2 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने एक सीट पर जीत दर्ज की। बीकानेर में कांग्रेस ने भाजपा को 22 सीटों से पीछे छोड़ दिया। केंद्रीय मंत्री के गृह जिले में भाजपा का यह प्रदर्शन राजनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

झाबर सिंह खर्रा के परिवार को भी नहीं मिली जीत

नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के इलाके में कांग्रेस ने दो पंचायत समितियों में शानदार प्रदर्शन किया। अजीतगढ़ पंचायत समिति की 17 सीटों में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने 3 और RLP ने एक सीट जीती।

श्रीमाधोपुर में भी कांग्रेस का दबदबा रहा। यहां कुल 23 सीटों में से कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा को 3 और RLP को 2 सीटें मिलीं।

इन नतीजों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री के परिवार की हार को लेकर हो रही है। उनकी पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे अजय सिंह खर्रा तथा दुर्गा सिंह खर्रा चुनाव नहीं जीत सके। शांति देवी और अजय सिंह भाजपा के टिकट पर मैदान में थे, जबकि दुर्गा सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे। उन्हें महज 3 वोटों से हार मिली।

सांगानेर में RLP ने दिखाया दम, भरतपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत

राजस्थान के इन चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी अपनी मौजूदगी मजबूती से दर्ज कराई है। सांगानेर पंचायत समिति की 15 सीटों में RLP ने 8 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा और कांग्रेस को 3-3 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।

उधर, भरतपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को 8 और RLP को एक सीट मिली। एक वार्ड का परिणाम लंबित बताया गया है।

rajasthan
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, राहुल गांधी बोले- गांवों ने बीजेपी को जवाब दे दिया

क्या भाजपा के लिए खतरे की घंटी हैं ये नतीजे?

पंचायत चुनाव के इन परिणामों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी के संकेत दिए हैं। अलवर, जोधपुर और बीकानेर जैसे जिलों में कांग्रेस की बढ़त भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती मानी जा रही है। वहीं, सांगानेर में RLP का प्रदर्शन बताता है कि प्रदेश में मुकाबला केवल कांग्रेस और भाजपा तक सीमित नहीं है।

हालांकि, पंचायत चुनाव के नतीजों को सीधे विधानसभा चुनाव का संकेत मानना जल्दबाजी होगी। स्थानीय उम्मीदवार, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय मुद्दे और व्यक्तिगत जनाधार भी इन चुनावों में बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद केंद्रीय मंत्रियों और राज्य सरकार के मंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्रों में आए नतीजे भाजपा के लिए आत्ममंथन का विषय जरूर बन सकते हैं।