राजस्थान में बढ़ा गैंगवॉर…आनंदपाल के भाई मंजीतपाल को जान से मारने की धमकी, राजू ठेठ गैंग पर शक
मंजीतपाल ने कहा कि कुछ लोग उन्हें और उनके परिवार को आगे बढ़ने नहीं देना चाहते। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिली हैं और इस बारे में उन्होंने SP, ADG क्राइम ब्रांच दिनेश एमएन और CM से सुरक्षा मांगी थी।
- Written By: सौरभ शर्मा
गैंगस्टर आनंदपाल सिंह व छोटा भाई मंजीतपाल सिंह (फोटो- सोशल मीडिया)
जयपुर: राजस्थान के चर्चित गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के छोटे भाई मंजीतपाल सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप ये गैंगवार का मामला फिर से गरमा गया है। सोशल मीडिया पर आई इस धमकी के पीछे राजू ठेठ गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। मंजीतपाल ने आरोप लगाया कि उनके विरोधी नहीं चाहते कि उनका परिवार आगे बढ़े और पहले भी उन्हें कई बार जानलेवा धमकियां मिल चुकी हैं। सुरक्षा की लगातार मांग के बावजूद अब तक उन्हें किसी प्रकार की सरकारी सुरक्षा नहीं दी गई है, जिससे उनके समर्थकों में भारी रोष देखा जा रहा है।
मंजीतपाल सिंह का कहना है कि वह समाजसेवा के जरिए नई शुरुआत करना चाहते हैं लेकिन लगातार मिल रही धमकियां उनके जीवन के लिए खतरा बनती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में वे संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। इसी वजह से वे अब सख्त कार्रवाई की मांग के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे हैं।
राजू ठेठ गैंग से खतरे की आशंका
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर मंजीतपाल को जान से मारने की धमकी देने वाला युवक कथित रूप से राजू ठेठ गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। यह वही गैंग है जिससे आनंदपाल गैंग की पुरानी दुश्मनी रही है। ऐसे में धमकी की गंभीरता और अधिक बढ़ जाती है। मंजीतपाल ने साफ कहा कि यह राजनीतिक और आपराधिक साजिश है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा! बस और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले 8 यात्री, कई घायल
PM मोदी का मास्क पहनकर चोरी करने पहुंचे चोर, उड़ा ले गए लाखों के स्मार्टफोन, VIDEO हो रहा वायरल
30 साल पुराने विवाद का अंत! हरियाणा-राजस्थान के बीच यमुना जल पर हुआ ऐतिहासिक समझौता
Jaipur Wall Collapse: राजस्थान के आमेर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन दीवार गिरने से 3 मजदूरों की मौत; कई घायल
सुरक्षा नहीं मिलने से बढ़ा रोष
धमकी मिलने के बाद मंजीतपाल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों और राज्य के शीर्ष नेतृत्व को सुरक्षा देने की गुहार लगाई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। समर्थकों का कहना है कि अगर जल्द सुरक्षा नहीं दी गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
