पंजाब में चन्नी को बनाया जाएगा CM पद का उम्मीदवार? आज भूपेश बघेल से करेंगे मुलाकात, कांग्रेस में हलचल तेज

Punjab Congress Charanjit Singh Channi: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व को लेकर तनाव गहराता जा रहा है। इस बीच आज चरणजीत सिंह चन्नी ने आज भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे।
punjab congress charanjit singh channi meet bhupesh baghel
भूपेष बघेल और चरणजीत सिंह चन्नी (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

Punjab Congress Bhupesh Baghel: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर कलह जारी है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज पार्टी के प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात करने पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि वे अपने समर्थक नेताओं के सा भूपेश बघेल से मिलेंगे और पंजाब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और जनता की बात से उन्हें अवगत कराएंगे।

भूपेश बघेल से मुलाकात की जानकारी चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "पंजाब के लिए एकजुट होकर, हमने पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल को 11 जुलाई को आमंत्रित किया है, ताकि उनके सामने अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पंजाब की जनता की भावनाएं रखी जा सकें। राणा गुरजीत सिंह अपने आवास पर इस बैठक की मेजबानी करेंगे।"

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बैठक से बनाई दूरी

मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अलावा भारत भूषण आशु, परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के भी शामिल होने की संभावना हैं। बताया जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग इस बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।

https://twitter.com/CHARANJITCHANNI/status/2075581162727321805

आपको जानकारी दें, कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए भूपेश बघेल 6 जुलाई से पंजाब दौरे पर हैं। वे लगातार पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे है।

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व विवाद गहराया

दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनना चाहते थे। लेकिन 1 जुलाई को कांग्रेस हाईकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में बरकरार रखा और चरणजीत सिंह को केवल चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया। अध्यक्ष पद नहीं मिलने से चरणजीत सिंह पार्टी से काफी नाराज है, जिसके कारण उन्होंने अब तक भूपेश बघेल से कोई मुलाकात नहीं की थी।

6 जुलाई को मोहाली में पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई थी, जिसमें जालंधर से कांग्रेस के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की गई थी। हालांकि, भूपेश बघेल ने इस बदलाव से साफ इनकार कर दिया और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में अब कोई बदलाव नहीं होगा।

सीएम चेहरे के लिए चरणजीत सिंह चन्नी का नाम

इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय बूटा सिंह के परिवार ने भी मांग की है कि चन्नी को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए। चन्नी से मुलाकात के बाद, बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह और बेटी गुरकीरत कौर ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को अगला चुनाव चन्नी के नेतृत्व में लड़ना चाहिए। दूसरी ओर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि उन्हें किसी भी नेता से कोई शिकायत नहीं है और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नेता ने उनके नेतृत्व को स्वीकार करने से इनकार नहीं किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com