

Hoshiarpur Borewell Rescue: पंजाब के होशियारपुर में शुक्रवार को एक बड़ी घटना सामने आई। होशियारपुर में खेलते समय एक मासूम के बोरवेल में गिरने की खबर सामने आई। यह घटना शाम करीब 4 बजे घटी। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पंजाब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वहीं, 3 साल के मासूम बच्चे की सुरक्षा को लेकर परिवार के लोगों को भी बुरा हाल था।
बच्चे को बाहर निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लगातार करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 12:40 बजे बच्चे को बोरवेल से सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बच्चे को सकुशल देख परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्चे को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया गया।
बच्चे का इलाज कर रही डॉ. रणवीर कौर ने बताया कि, बच्चे के वाइटल्स स्थिर हैं और आगे का इलाज शुरू कर दिया गया है। आगे की जांच की जाएगी और स्थिति के अनुसार इलाज को आगे बढ़ाया जाएगा।
होशियारपुर की डीसी आशिका जैन ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, शुक्रवार शाम करीब चार बजे यह घटना हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सभी विभागों का योगदान सराहनीय रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब नौ घंटे तक चला और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
होशियारपुर के बोरवेल में गिरे बच्चे का नाम गुरकरण है। गुरकरण अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पास में खोदे गए गहरे बोरवेल में उसका पैर फिसल गया और वह उसमें गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को निकालने की लिए जद्दोजहद शुरू हो गई। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में आखिरकार बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने बचाव दल का धन्यवाद किया और कहा कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पंजाब सरकार में मंत्री डॉ. रवजोत सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।