

Rumors of Surcharge on Foreign Travel: सोशल मीडिया पर विदेश यात्रा को लेकर एक नई चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर विदेश यात्रा पर किसी तरह का टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने की खबरें चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब इन खबरों पर सफाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन खबरों को गलत बताया है और कहा है कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
सरकार ने विदेश यात्रा पर किसी भी तरह की कोई रोक नहीं लगाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है। विदेशी यात्रा पर टैक्स लगाने की अफवाहों का जवाब देते हुए इस पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा है, यह खबर पूरी तरह गलत है।
पीएम मोदी ने आगे लिखा, इन खबरों में जरा भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदिया लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। हम अपने लोगों के लिए ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘इज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
दरअसल, हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि सरकार विदेशी यात्रा पर टैक्स लगाने का विचार कर रही है। साथ ही विदेश यात्रा पर सेस या सरचार्ज के प्रस्ताव पर विचार करने का भी दावा सामने आया था। इन रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और आर्थिक दबाव से निपटने की तैयारी के लिए इस कदम पर विचार किए जाने की चर्चा हो रही थी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि सरकार कम-से-कम एक साल के लिए अस्थायी रूप से सरचार्ज लाग कर सकती है। साथ ही इससे मिलने वाले पैसे केंद्र सरकार के पास जाने की जानकारी दी जा रही है। इन रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कच्चे तेल की कीमतों और आयात की लागत में पड़े असर को कम करने के लिए यह कदम उठाया जा सकता है।
आपको बताते चलें, कि हाल ही में 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से कई अहम अपीलें कीं। उन्होंने लोगों से विदेश यात्रा से बचने, सोना खरीदने से परहेज करने, इलेक्ट्रिक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने, तथा डीजल और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद करने का आग्रह किया।
तेलंगाना में एक कार्यक्रम में इस विषय पर जनता को संबोधित करते हुए, PM मोदी ने देशभक्ति का सही अर्थ स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का अर्थ केवल सीमा पर देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने के लिए तैयार रहना ही नहीं है; बल्कि आज के समय में, इसका अर्थ है जिम्मेदारी से जीना और अपने दैनिक जीवन में राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना भी।