वारंगल में कदम रखा तो जूतों से पीटा जाएगा, कांग्रेस विधायक ने केटी रामा राव को दी धमकी
Naini Rajender Reddy: कांग्रेस विधायक नाइनी राजेंद्र रेड्डी ने कहा कि केटीआर सत्ता जाने की हताशा में मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्हें राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल बंद करना होगा।
- Written By: रंजन कुमार
कांग्रेस विधायक नाइनी और केटी रामा राव।
Telangana News: तेलंगाना की राजनीति में शब्दों की मर्यादा एक बार फिर हाशिए पर नजर आ रही है। प्रदेश के वारंगल जिले से कांग्रेस विधायक नाइनी राजेंद्र रेड्डी ने भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) को धमकी दी है। नाइनी ने कहा है कि उनके वारंगल में कदम रखने पर केटी रामा राव को जूतों से पीटा जाएगा। नाइनी रेड्डी ने कहा कि केटीआर सत्ता जाने की हताशा में मानसिक संतुलन खो चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल बंद नहीं किया तो उन्हें वारंगल आने पर जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। लोग उन्हें जूतों से पीटकर वापस भेज देंगे।
राहुल गांधी पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
इस जुबानी विवाद की शुरुआत तब हुई, जब केटीआर ने एक सभा में कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया। केटीआर ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान अशोक नगर में 2 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। इस वाद को निभाने में वे विफल रहे हैं। केटीआर ने कहा था कि झूठे वादे करने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी निशाने पर लेते हुए कहा था कि किसानों की कर्ज माफी और बीसी (BC) आरक्षण जैसे मुद्दों पर जनता को धोखा देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को सैकड़ों बार फांसी होनी चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
राजनीतिक मतभेद भूल PM मोदी ने दिखाई दरियादिली, शादी के लिए बदला हेलीकॉप्टर का रूट; आखिर क्या है पूरा मामला?
जनता की समस्या सुलझाने की जगह अपने झगड़े में उलझे…केरल में CM के चयन में देरी पर PM मोदी
PM Modi Visit: 9400 करोड़ की सौगात, सोमनाथ में विशेष पूजा और देश का पहला PM मित्रा पार्क, जानें पूरा शेड्यूल
छत्तीसगढ़ में माओवाद का खात्मा! हेमला इय्थु समेत 47 खूंखार नक्सलियों ने डाले हथियार, भारी हथियार बरामद- PHOTOS
यह भी पढ़ें: ‘राहुल गांधी को बीच चौराहे फांसी…’, BRS नेता का विवादित बयान; CM रेवंत रेड्डी पर भी कड़ा प्रहार
रेवंत रेड्डी ने केसीआर को लेकर दिया था बयान
बता दें कि केटीआर का यह तीखा बयान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की उस टिप्पणी के जवाब में आया था, जिसमें उन्होंने भ्रष्टाचार के लिए राज्य के पूर्व सीएम के. चंद्रशेखर राव (KCR) के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई की बात कही थी। फिलहाल तेलंगाना की सत्ता और विपक्ष के बीच यह टकराव अब व्यक्तिगत हमलों और धमकियों के लेवल पर पहुंच गया है। इसने प्रदेश की लोकतांत्रिक चर्चाओं को एक नई और चिंताजनक दिशा में मोड़ दिया है।
