ओडिशा के राउरकेला में प्लेन क्रैश (सोर्स- वीडियो)
Odisha Plane Crash: ओडिशा में एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया है। शनिवार को राउरकेला एयरस्ट्रिप पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब भुवनेश्वर से उड़ान भरने वाले एक चार्टर्ड विमान को लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इसके कारण क्रैश लैंडिंग हुई। इस घटना में दोनों पायलटों समेत कुल छह लोग घायल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चार्टर्ड फ्लाइट ‘इंडिया वन एयर’ की थी और भुवनेश्वर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान राउरकेला एयरस्ट्रिप पर उतरने की तैयारी कर रहा था, तभी एक तकनीकी खराबी के कारण पायलट को इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि यह विमान 9 सीटों वाला चार्ली-208 है।
इस हादसे में चार यात्री और दो क्रू मेंबर घायल हो गए। घायल पायलटों की पहचान कैप्टन नवीन कडंगा और को-पायलट तरुण श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घायल यात्रियों में सुशांत कुमार बिस्वाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ओडिशा में विमान हादसा ओडिशा के राउरकेला में इंडिया वन एयर का 9 सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है विमान में पायलट समेत कुल 9 लोग सवार थे हादसे में विमान में सवार सभी लोग घायल हुए हैं। पायलट को गंभीर चोट आई है। राहत-बचाव कार्य जारी है#Odisha #IndiaOneAir pic.twitter.com/9Z3nRfWLvT — 𝗔𝗸𝗮𝘀𝗵 𝘆𝗮𝗱𝗮𝘃 (@AkashYadav_02) January 10, 2026
भुवनेश्वर एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रसन्ना प्रधान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी घायल सुरक्षित हैं और उनमें से कोई भी गंभीर हालत में नहीं है। उन्होंने कहा कि विमान ने इमरजेंसी लैंडिंग की, जिससे कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आईं, लेकिन राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया।
ओडिशा के परिवहन मंत्री बिभूति जेना ने भी इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी, लेकिन सौभाग्य से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह तकनीकी या मैकेनिकल खराबी के कारण हुआ। दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।”
यह भी पढ़ें: भीषण विस्फोट से दहल उठा बंगाल का चंपाहाटी, चारों तरफ मची अफरा-तफरी, सामने आया खौफनाक VIDEO
इस घटना के बाद एयरस्ट्रिप पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा। प्रशासन और विमानन अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे और विमान को सुरक्षित स्थान पर हटाने की प्रक्रिया शुरू की। विमानन सुरक्षा एजेंसियां अब जांच करेंगी कि उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।