Yavatmal में गोवंश तस्करी विवाद मे बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या, शहर बंद कर जताया आक्रोश
Yavatmal Murder Case: महागांव में गोवंश तस्करी का पीछा कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ता की हमले में मौत के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने अपने दुकान पूरी तरह बंद रखकर रोष व्यक्त किया है।
- Written By: केतकी मोडक
महागांव में बंद बाजार और घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त हुई कार (सोर्स - फाईल फोटो)
Yavatmal Mahagaon Bajrang Dal Activist Murder: यवतमाल जिले के महागांव में गोवंश तस्करी करने वाले वाहन का पीछा कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ता की निर्मम हत्या के विरोध में आज रविवार को महागांव शहर में अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखकर रोष व्यक्त किया। साथ ही घटना की निंदा कर दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात यवतमाल-महागांव मार्ग से एक पिकअप वाहन (क्र. एमएच 29/ बीई 8915) में बड़ी संख्या में गोवंश भरकर कत्ल के लिए उमरखेड़ की दिशा में ले जाया जा रहा था।
वाहन में 16 से 17 गोवंश ठूंसकर ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। नागपुर-तुलजापुर राष्ट्रीय महामार्ग स्थित बिजोरा टोल नाके पर इस वाहन ने संदिग्ध तरीके से तेज रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान टोल नाके पर गोवंश तस्करी पर नजर रख रहे बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। गजानन सुरोशे ने भी अपनी कार क्रमांक एमएच 12/ पीटी 86340 से संदिग्ध बोलेरो का पीछा किया। पीछा जारी रहने के दौरान बोलेरो चालक वाहन को सुकली गांव की ओर ले गया।
सुरोशे की कार भी उसके पीछे गांव में पहुंची। इसी दौरान बोलेरो में सवार संदिग्ध तस्कर अचानक वाहन से बाहर निकले और उन्होंने गजानन सुरोशे की कार पर बड़े-बड़े पत्थरों और लकड़ियों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस भीषण हमले में कार को भारी नुकसान पहुंचा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो बेहद भयावह बताया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
अदिति तटकरे की बढ़ेगी मुश्किलें, मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद भी अहिल्यानगर में 55 नाबालिग लड़कियां बनी मां
Nagpur Weather: भीषण गर्मी और लू का डबल अटैक, जानें जिले में बारिश की कब है संभावना?
Maharashtra Weather: कहीं सूरज का सितम, कहीं बादलों की गरज; जानें आज आपके शहर का मौसम कैसा होगा?
शिंदे सेना में बगावत की आहट: निधि वितरण को लेकर असंतोष, क्या भाजपा की ओर बढ़ रहे शिंदे के सिपाही?
पत्थरबाजी में गजानन सुरोशे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल उमरखेड़ गांव के अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना का पता चलते ही उमरखेड़, महागांव सहित पूरे जिले में आक्रोश फैल गया है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात
बजरंग दल ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए महागांव बंद का आह्वान किया। आज सुबह से ही कार्यकर्ता महागांव बाजार क्षेत्र में घूमकर व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील करते नजर आए, व्यापारियों ने भी इस आह्वान का समर्थन करते हुए अधिकांश प्रतिष्ठान बंद रखे।
स्थिति तनावपूर्ण न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता और उपविभागीय पुलिस अधिकारी हनुमंत गायकवाड़ ने घटनास्थल का दौरा कर जांच तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें:- नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, यवतमाल में अतिक्रमण पर बुलडोजर, गोधनी मार्ग से 45 कब्जे हटाए
कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवाल
इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना किए जाने की जानकारी सूत्रों ने दी है।
गोवंश तस्करी के संदेह में हुई इस हत्या से कानून-व्यवस्था का गंभीर सवाल खड़ा हो गया है।
गजानन सुरोशे की हत्या की निंदा करते हुए विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चर्चा है कि बोलेरो पिकअप वाहन सुकली गांव का ही बताया जा रहा है।
