

21 Days LPG Booking Rule: मध्य पूर्व में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब आम लोगों के जीवन पर दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पर इस युद्ध का प्रभाव पड़ने की आशंका के चलते गैस कंपनियों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। घरेलू गैस की कमी न हो, इसके लिए फिलहाल व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडरों के वितरण पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार अब नया गैस सिलेंडर बुक करने के बाद ग्राहकों को 21 दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि जिले में एलपीजी की कमी नहीं होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन ग्राहकों को गैस का उपयोग सावधानी से करने की सलाह दी गई है। केंद्र सरकार और ऑयल कंपनियां गैस आपूर्ति की श्रृंखला प्रभावित न हो, इसके लिए सतर्क हैं।
यदि युद्ध की स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो आने वाले दिनों में गैस वितरण पर असर पड़ सकता है। गैस कंपनियों ने घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि हुई है।
इसके बाद जिले में सिलेंडर की कीमत करीब 980 रुपये तक पहुंच गई है, जिससे ग्राहकों में नाराजगी देखी जा रही है। केंद्र सरकार के नए नियम के अनुसार अब घरेलू गैस उपभोक्ता 21 दिनों से पहले नया एलपीजी सिलेंडर बुक नहीं कर सकेंगे। पहले ग्राहक कभी भी सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब एक सिलेंडर बुक करने के बाद 21 दिनों का वेटिंग पीरियड रहेगा।
फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। एक कनेक्शन वाले ग्राहकों को 21 दिनों बाद और दो कनेक्शन वाले ग्राहकों को 30 दिनों बाद नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति होगी। वहीं नए कनेक्शन देने की प्रक्रिया भी जारी है, जबकि व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति कुछ कम हुई है।
यवतमाल जिला आपूर्ति अधिकारी संघपाल मेश्राम ने बताया ग्राहकों को गैस का उपयोग सोच-समझकर करने की सलाह दी गई है। शहर सहित जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर कोई दिक्कतें नहीं आ रही है। सरकार से मिलनेवाले आदेशों पर अमल किया जा रहा है। आम गैस उपभोक्ताओं की परेशानी ना हो इसका ख्याल रखा जा रहा है।