

Yavatmal Crime News: बेरोजगारी का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह ने स्पर्धा परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक को पटवारी पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 21 लाख रुपये से ठग लिया। आरोपियों ने युवक को नकली नियुक्ति पत्र भी दिया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 21 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम बालासाहेब लक्ष्मणराव हरबक (51), निवासी संभाजीनगर है। इस मामले में तुलशीराम जाधव (48) यवतमाल, रमेश हाके (30) और अन्य 2 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। ठगी का शिकार युवक वैभव कृष्णा राठोड (30) निवासी बाजोरिया नगर ने मामले की शिकायत अवधुतवाडी थाने में दी है।
नौकरी लगाने के नाम पर आरोपियों ने वैभव से कुल 21 लाख रुपये लिए। इसमें 10 लाख रुपये ऑनलाइन और 15 लाख रुपये नकद दिए गए थे। इनमें से 3।50 लाख रुपये वापस किए गए थे। पैसे देने के बाद भी जब नौकरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली तो वैभव को शक हुआ। बाद में मिले नियुक्ति पत्र की जांच करने पर वह फर्जी पाया गया और ठगी का खुलासा हुआ।
मामले की जांच स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) को सौंपी गई। एलसीबी की टीम ने आरोपी का पता लगाते हुए संभाजीनगर पहुंचकर जाल बिछाया और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में चार अन्य आरोपियों की भी भूमिका सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।