वेतन बकाया रहने से घंटागाड़ी कर्मचारी भड़के, नगराध्यक्ष के आवास पर हक मांगने पहुंचे, अपमान का आरोप
Yavatmal Municipal Council: यवतमाल में बकाया वेतन को लेकर घंटागाड़ी कर्मचारियों ने नगराध्यक्ष के आवास पर प्रदर्शन किया और माफी नहीं मिलने पर पुलिस शिकायत व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Municipal council wage dispute (सोर्सः सोशल मीडिया)
Yavatmal Sanitation Workers Protest: यवतमाल शहर के सभी घंटागाड़ी कर्मचारी बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने बकाया वेतन को लेकर चर्चा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित नगराध्यक्ष प्रियदर्शनी उईके के निवास पर पहुंचे। इस दौरान सौ से अधिक घंटागाड़ी कर्मचारी मौजूद थे। सभी कर्मचारी पिछले दस वर्षों से यवतमाल नगर परिषद के अंतर्गत घंटागाड़ी सेवा में कार्यरत हैं और शहर की स्वच्छता व स्वास्थ्य सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों से उनका वेतन रोका गया है, जबकि उन्हें प्रतिमाह केवल 10,100 रुपये मानधन मिलता है। इतनी कम आय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और वेतन न मिलने के कारण कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
माफी नहीं मिली तो पुलिस शिकायत और हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारियों का आरोप है कि जब वे नगराध्यक्ष से मुलाकात के लिए उनके आवास पहुंचे, तब भाजपा के गटनेता नितीन गिरी ने उन्हें वहां से भगा दिया। कर्मचारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग करने गए थे, लेकिन सत्ताधारी दल के स्थानीय गटनेता द्वारा उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। इस घटना से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घंटागाड़ी कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि नितीन गिरी ने सभी कर्मचारियों के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
गढ़चिरौली में ‘हरियाली का संकल्प’; 200 आदिवासी महिलाओं को मिला रोजगार, 25 एकड़ में तैयार हुई विशाल पौधशाला
रहाता में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में, कथित अवैध गर्भपात नेटवर्क की चर्चा तेज़
भारत का ‘वॉटरमेलन कॅपिटल’ बना महाराष्ट्र का ‘ये’ शहर, गर्मियों में यहां हर जगह दिखते है सिर्फ़ तरबूज़ ही तरबूज
पुणे की मुठा घाटी में गहराया जल संकट, टेमघर बांध से पानी बंद होने पर किसानों में आक्रोश
अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कानून के अनुसार न्यूनतम वेतन देने, पिछले सात महीनों से लंबित पीएफ राशि तुरंत जमा करने तथा सुबह की ड्यूटी के बाद शाम की ड्यूटी न करने पर की जा रही अनुचित वेतन कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग शामिल है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
ये भी पढ़े: Gadchiroli News: दिभना जंगल परिसर में पहुंचे जंगली हाथी, परिसर के नागरिकों में दहशत का माहौल
इस दौरान सोशल मीडिया कांग्रेस कमेटी यवतमाल जिलाध्यक्ष कृष्णा पुसनाके, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रा. डॉ. बबलू उर्फ अनिल देशमुख, वंचित बहुजन आघाड़ी के जिलाध्यक्ष व गटनेता डॉ. नीरज वाघमारे, कॉम्रेड सचिन मनवर तथा किसान आंदोलन से जुड़े प्रा. पंढरी पाठे ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और आंदोलन को समर्थन दिया। बड़ी संख्या में घंटागाड़ी कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
