पेट्रोल के लिए तरसा यवतमाल! एक साथ बंद हुए 12 पेट्रोल पंप, अचानक 3 गुना बढ़ी मांग

Yavatmal Petrol Crisis: यवतमाल में प्रशासन के दावों के बीच 12 पेट्रोल पंप बंद। एम्बुलेंस सेवाएं प्रभावित और पेट्रोल के लिए मची अफरा-तफरी। जानें क्या है असली वजह।
12 petrol pumps shut down in Yavatmal despite administration claims. Fuel crisis hits ambulances and emergency services. Read the full report.
यवतमाल के पेट्रोल पंप बंद (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Petrol Pump Closed Yavatmal: यवतमाल शहर के आर्णी रोड, शारदा चौक, वनवासी मारोती रोड, दत्त चौक, धामनगांव रोड, दारव्हा रोड सहित शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित करीब 12 पेट्रोल पंप एक ही समय पर बंद होने से नागरिकों में भारी चिंता का माहौल है। एक ओर प्रशासन पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर एक साथ इतने पंपों का बंद होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

नागरिकों का कहना है कि इस पूरे मामले में कोई न कोई गड़बड़ी जरूर है, जिसकी जांच प्रशासन द्वारा किए जाने की आवश्यकता है। पेट्रोल पंप बंद होने का सबसे अधिक असर अत्यावश्यक सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। जिले में किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को निजी एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल या नागपुर जैसे बड़े शहरों में भेजा जाता है।

शहर में सैकड़ों एंबुलेंस वाहन मौजूद हैं, जिनमें से अधिकांश पुराने ओमिनी वाहन पेट्रोल पर चलते हैं। पेट्रोल की अनुपलब्धता के कारण इन एंबुलेंस को भी पंपों पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तत्काल जांच की जाए और कम से कम एंबुलेंस व अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए पेट्रोल का अलग से प्रबंध किया जाए, ताकि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों। इस पूरे घटनाक्रम से आम जनता में असमंजस और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

पेट्रोल की तिगुनी बिक्री से बढ़ी परेशानियां

यवतमाल के जिला आपूर्ति अधिकारी संघपाल मेश्राम ने बताया कि जिले में इन दिनों पेट्रोल की अचानक बढ़ी मांग ने प्रशासन और आम नागरिकों दोनों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक बिक्री हो रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। स्थिति यह है कि कई पेट्रोल पंपों पर समय से पहले ही स्टॉक खत्म होने की समस्या निर्माण हो रही है।

वहीं पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को लंबी कतारें भी बढ़ गई है। लिहाजा कुछ पेट्रोल पंप धारकों ने अपने पेट्रोल पंपों को बंद रखा होगा। हाल ही में पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें फैलने के बाद लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदना शुरू कर दिया है। लेकिन कहीं पर भी पेट्रोल डीजल की कमी नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com