यवतमाल में दर्दनाक घटना, शादी के एक माह बाद नवदंपति ने कुएं में कूदकर दी जान; क्षेत्र में सनसनी

Yavatmal News: यवतमाल के मारेगांव क्षेत्र में विवाह के करीब एक माह बाद एक नवविवाहित दंपति के कुएं में मृत पाए जाने से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tragic incident in Yavatmal: Newlyweds end their lives by jumping into a well just a month after the wedding; incident sends shockwaves through the area.
यवतमाल घटना, नवदंपति मौत, मारेगांव,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yavatmal Newlywed Couple Suicide Case: यवतमाल ज़िले में मारेगांव महज एक माह पूर्व विवाह बंधन में बंधे एक नवविवाहित दंपति द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मृतकों की पहचान आशिष धानोरकर और करिश्मा धानोरकर, निवासी सगणापुर के रूप में हुई है। यह घटना 8 जून की रात करीब 10 बजे उजागर हुई।

घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशिष रमेश धानोरकर (24), निवासी सगणापुर, तहसील मारेगांव का विवाह 4 मई 2026 को करिश्मा गेडाम (19), निवासी वणी के साथ हुआ था। विवाह को अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था कि इस नवदंपति के सुखी जीवन को मानो किसी की नजर लग गई। बताया जाता है कि 8 जून की रात करीब 8 बजे दोनों मोटरसाइकिल से घर से निकले थे।

नवदंपति ने कुएं में कूदकर दी जान, गांव में शोक की लहर

इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने नवरगांव शिवार स्थित अनिल झाड़े के खेत के कुएं में पेट से पत्थर बांधकर एक साथ छलांग लगा दी और आत्महत्या कर ली। रात करीब 10 बजे इस घटना की जानकारी गांव में आग की तरह फैल गई।

घटनास्थल पर मृतकों की मोटरसाइकिल और चप्पलें बरामद हुई। सूचना मिलते ही मारेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए ग्रामीण अस्पताल मारेगांव भेज दिया।

मृतक आशिष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि उसकी दो बहनों का विवाह हो चुका है। विवाह के महज एक माह के भीतर नवदंपति द्वारा इतना बड़ा कदम उठाए जाने से हर कोई स्तब्ध है। आखिर उन्होंने आत्महत्या जैसा कठोर निर्णय क्यों लिया, यह सवाल सभी के मन में उठ रहा है।

एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, ऐसी जानकारी थाना प्रभारी शाम वानखेड़े ने दी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सगणापुर गांव में दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com