बघेड़ा-झंडीटोला मुख्य मार्ग बदहाल; उखड़ी सड़क, नुकीले पत्थरों से बढ़ा हादसों का खतरा
बघेड़ा से झंडीटोला जाने वाली मुख्य सड़क जर्जर होने से राहगीर और किसान परेशान हैं। डामर उखड़ने और नुकीले पत्थर बाहर आने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बारिश से पहले मरम्मत की मांग की है।
Garrabaghera News: बघेड़ा से झंडीटोला जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे राहगीरों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी सुगम और सुविधाजनक मानी जाने वाली यह सड़क अब बदहाली का शिकार हो गई है।
सड़क की डामर परत उखड़ जाने के कारण जगहजगह नुकीले पत्थर बाहर आ गए हैं। इससे वाहनों के टायर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, वहीं पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है, जिसके चलते आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
किसानों पर सीधा असर
यह मार्ग क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बघेड़ा और आसपास के किसान इसी रास्ते से खाद-बीज खेतों तक पहुंचाते हैं और अपनी उपज बाजार तक ले जाते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की आवाजाही में कठिनाई आ रही है, जिससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
रालेगांव में 34 लड़कियों के लापता होने से आक्रोश; मानव तस्करी की आशंका, बंद के दौरान प्रदर्शन और तनाव का माहौल
भंडारा-गोंदिया में 75% बस प्रतीक्षालय बदहाल, 4.40 करोड़ मंजूर फिर भी यात्रियों की परेशानी बरकरार
PM सभा के खर्च पर मचा घमासान: क्या बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए थे सरकारी बिल? 13 करोड़ के खर्च पर सस्पेंस
यवतमाल में बड़ी साजिश: 6 महीने में 34 आदिवासी लड़कियां गायब, तस्करी और लव जिहाद के आरोप से हड़कंप
प्रशासन के प्रति नाराजगी
सड़क की दयनीय हालत को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा, जबकि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
मरम्मत की मांग तेज
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बारिश से पहले इस सड़क का डामरीकरण या विशेष मरम्मत कार्य जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
