ट्रेन में लड़कियों से गंदी हरकत पड़ी भारी, युवती ने शोहदे को पहनाई चूड़ियां, लगाई लिपस्टिक और मंगवाई माफी
Wardha Train Molestation Viral Video: महाराष्ट्र में चलने वाली भुसावल-वर्धा पैसेंजर ट्रेन में लड़कियों से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को युवती ने चूड़ियां पहनाकर सबक सिखाया और माफी मंगवाई है।
- Written By: अनिल सिंह
महाराष्ट्र के वर्धा में शोहदे को सबक सिखाती युवती (फोटो क्रेडिट-X)
Bhusawal Train Molestation Viral Video: महाराष्ट्र के वर्धा से चलती ट्रेन में महिला सुरक्षा और नारी शक्ति की मिसाल पेश करने वाली एक बेहद दिलचस्प और अनोखी खबर सामने आई है। भुसावल-वर्धा पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही एक जांबाज युवती ने लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ करने वाले एक मनचले को रंगे हाथों पकड़कर ऐसा सबक सिखाया है, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूलेगा।
बहादुर लड़की ने न केवल उस शोहदे का डटकर मुकाबला किया, बल्कि उसे सहयात्रियों की मदद से पकड़कर उसकी जमकर पिटाई भी की। इसके बाद उसे समाज के सामने पूरी तरह शर्मिंदा करने के लिए ट्रेन की सीट पर बिठाया, उसके हाथों में चूड़ियां पहनाईं, होंठों पर लिपस्टिक लगाई और सरेआम कान पकड़कर माफी मंगवाई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
बैड टच से सहम गई थीं लड़कियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक भुसावल-वर्धा पैसेंजर ट्रेन के उस डिब्बे में सवार हुआ था जिसमें कई युवा लड़कियां सफर कर रही थीं। युवक भीड़ का फायदा उठाकर लगातार लड़कियों को ‘बैड टच‘ (गलत तरीके से छूना) कर रहा था और उन पर फब्तियां कस रहा था। आरोपी की इस घिनौनी हरकत से ट्रेन में मौजूद कई लड़कियां बुरी तरह सहम गईं और डर के मारे अपनी सीट बदलकर इधर-उधर दुबकने लगीं।
सम्बंधित ख़बरें
नीट पेपर लीक: सोनम वांगचुक के अनशन का 20वां दिन, बिगड़ते स्वास्थ्य पर नागपुर में भड़के संजय राऊत
गड़चिरोली जिले में केवल 8 क्लीनिक पंजीकृत, 4 फर्जी डॉक्टरों पर दर्ज हुई एफआईआर
भंडारा DISHA बैठक: सांसद प्रशांत पडोले ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
भंडारा में 72 करोड़ जुर्माना बकाया कंपनी को फिर मिला रेत घाट ठेका, जनप्रतिनिधियों का विरोध
इसी दौरान ट्रेन में एक अन्य युवती सवार हुई। आरोपी युवक ने उस युवती के अकेले होने का फायदा उठाकर उसके साथ भी गंदी हरकत करने का प्रयास किया। लेकिन इस बार उसकी दाल नहीं गली; युवती ने गजब की हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत शोर मचा दिया और डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों को इकट्ठा कर आरोपी को दबोच लिया।
ये भी पढ़ें- सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल भेजने की घटना पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान, विपक्ष हुआ हमलावर
यात्रियों के सहयोग से मिली अनोखी सजा
युवती की बहादुरी देखकर भुसावल-वर्धा पैसेंजर ट्रेन में मौजूद अन्य सहयात्री भी उसके समर्थन में आ गए। यात्रियों ने कानून को हाथ में लेने के बजाय आरोपी को मानसिक और सामाजिक रूप से ऐसा सबक सिखाने का फैसला किया जो दूसरों के लिए नजीर बने। यात्रियों ने आरोपी के हाथों में जबरन कांच की चूड़ियां पहना दीं और उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगा दी।
इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट पर आते ही तहलका मच गया है और लोग युवती की जमकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने आरोपी की करतूत पर तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे अपराधियों का चेहरा छिपाने की कोई जरूरत नहीं है, इसे हर जगह वायरल होने दो ताकि इसके माता-पिता और रिश्तेदारों को भी समाज में शर्मिंदा होना पड़े।
एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया कि महिलाओं को परेशान करने वाले लोग अपनी घटिया सोच कब बदलेंगे? क्या उनके घर में मां-बहनें नहीं हैं? यूजर्स का कहना है कि जब तक समाज अपनी सोच नहीं बदलेगा और कानून को सख्ती से लागू नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी। इस मामले में पीड़िता और उसका साथ देने वाले यात्री पूरी तरह तारीफ के काबिल हैं।
