

Wardha Road Accident Fatal Collision: वर्धा रोड पर तलेगांव रघुजी के पास डंपर, आयशर वाहन और दो ट्रैक्टरों की भीषण टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा ओवरटेक करने के दौरान आयशर वाहन के डंपर से टकराने के बाद हुआ।
वर्धा जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। तलेगांव रघुजी से करीब एक किलोमीटर पहले डंपर, आयशर वाहन और दो ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आयशर वाहन चालक ट्रैक्टरों को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ा।
घटना शनिवार, 19 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे तलेगांव (रघुजी) से लगभग एक किलोमीटर पहले वर्धा रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, दो नए मुंडा वाले बिना नंबर के ट्रैक्टर खरांगणा की ओर से आ रहे थे। इनके पीछे आयशर वाहन क्रमांक एमपी 04 बीके 4793 चल रहा था।
बताया गया कि आयशर चालक अजमीन हसन मकसूद हसन ने दोनों ट्रैक्टरों को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और आयशर सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टकरा गया।
डंपर और आयशर की टक्कर के बाद आयशर वाहन पलट गया और दोनों ट्रैक्टरों से भी जा टकराया। इस तरह दुर्घटना में कुल चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में डंपर चालक राजकुमार भीमराव चचाने (26), ट्रैक्टर चालक शशिकांत जनार्धन सावरकर (40) और आयशर वाहन में सवार मकसूद हसन मेहमूद हसन (60) की मौत हुई। मृतकों में राजकुमार हिवरखेड़, शशिकांत वडगांव (खुर्द) और मकसूद हसन मध्य प्रदेश के ओबेदुल्लागंज निवासी बताए गए हैं।
दुर्घटना में अजमीन हसन मकसूद हसन, डंपर चालक गजानन विठ्ठल नांदने (35) और गजानन आंबटकर घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मृतक मकसूद हसन और घायल अजमीन हसन के पिता-पुत्र होने की जानकारी भी सामने आई है।
वर्धा जिले में हादसे की सूचना मिलते ही खरांगणा थानेदार अंबादास टोपले, पीएसआई रवीद मोहरले और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
खरांगणा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और ओवरटेक के दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ने के कारणों की जांच पुलिस कर रही है।