वर्धा एसपी अनुराग जैन का तबादला : इस मामले के बाद एक्शन, नए एसपी होंगे सौरभ कुमार अग्रवाल

Wardha New SP News: वर्धा में 192 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन रैकेट का खुलासा होने के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग जैन को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया है। जानिए किसे मिली वर्धा की नई कमान...
Wardha SP Anurag Jain and new SP Saurav Kumar Agrawal
वर्धा एसपी अनुराग जैन व नए एसपी सौरभ कुमार अग्रवाल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha SP Anurag Jain Transfer News: वर्धा जिला पुलिस प्रशासन में फेरबदल किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक को हटा दिया गया है। जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अनैतिक गतिविधियों और अवैध कार्यों पर रोक लगाने में असफल रहने के लग रहे आरोपों के बाद हटाए जाने की चर्चा है। पुलिस अधीक्षक अनुराग जैन का तत्काल तबादला करके नागपुर बुला लिया गया है।

इस बदलाव को उस गंभीर मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें वर्धा जिले के भीतर करोड़ों रुपये का मादक पदार्थ का एक कारखाना पकड़ा गया था। जैन को अब नागपुर में नागरिक अधिकार संरक्षण बल के पुलिस अधीक्षक के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

करोड़ों रुपये का मादक पदार्थ रैकेट

यह मामला तब सामने आया जब महसूल गुप्तचर संचनालय (DRI) ने विधायक सुमित वानखेड़े के निर्वाचन क्षेत्र के कारंजा गांव में छापा मारा। इस केंद्रीय एजेंसी ने कृत्रिम अंमली पदार्थ (नारकोटिक) मेफेड्रोन का उत्पादन करने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के दौरान, एजेंसी ने 128 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 192 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, 245 किलोग्राम कच्चा रसायन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। साथ ही इस मामले में 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

विधायक और मुख्यमंत्री ने उठाया सवाल

विधानमंडल के नागपुर अधिवेशन के दौरान, विधायक वानखेड़े ने यह सवाल उठाया था कि करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ उत्पादन का इतना बड़ा गोरखधंधा आखिर पुलिस की नजर से दूर कैसे रहा। यह घटनाक्रम काफी खलबली मचाने वाला रहा। पहले कदम के तौर पर, कारंजा घाडगे पुलिस थाने के थानेदार को तत्काल वर्धा मुख्यालय से अटैच कर दिया गया और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई। इस गंभीर मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही थी। तबादले से दो दिन पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी देवली में एसपी अनुराग जैन से अकेले में मुलाकात कर संवाद साधा था।

सौरभ कुमार अग्रवाल बने नए एसपी

अनुराग जैन के तबादले के बाद, अब वर्धा के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में सौरभ कुमार अग्रवाल की नियुक्ति की गई है। अग्रवाल इससे पहले पुणे में अपराध अन्वेषण विभाग में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। एसपी जैन के बारे में यह कहा जाता था कि उन्होंने अपने अल्प कार्यकाल में अपराधियों पर अच्छा खासा दबदबा कायम किया था, और वह एक उत्कृष्ट क्रिकेटर भी रहे हैं। मई 2025 से वे पुणे में सेवा दे रहे है। इसके पूर्व उन्होंने सिंधुदुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक के रुप में काम संभाला है।

Navbharat Live
navbharatlive.com