वर्धा में चेन स्नैचिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद, AI और CCTV से हुआ बड़ा खुलासा

Wardha Police LCB Action: वर्धा पुलिस की बड़ी कामयाबी। 18 मामलों में वांछित शातिर लुटेरा हसनैन गिरफ्तार। ₹20.90 लाख का माल जब्त, AI तकनीक से सुलझी चेन स्नैचिंग की 11 गुत्थियां।
Wardha Police arrested notorious snatcher Hasnain alias Hasan from Bhusawal. Seized gold and vehicles worth ₹20.90 lakh. 11 cases solved across MH and MP using AI technology.
शातिर चोर गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Chain Snatching Wardha News: वर्धा शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए वर्धा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान भुसावल का शातिर बदमाश हसनैन उर्फ हसन अली जाफर अली (21) पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की तलाश महाराष्ट्र सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस कर रही थी।

पुलिस ने उसके पास से आभूषण, वाहन और मोबाइल सहित कुल 20 लाख 90 हजार रुपये का माल जब्त किया है। वर्धा शहर, सावंगी मेघे और रामनगर थाना क्षेत्र में तीन चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं। इस पर पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एलसीबी की चार टीमों का गठन किया।

घटनास्थलों का रोडमैप तैयार कर सीसीटीवी फुटेज और नियंत्रण कक्ष के कैमरों की जांच की गई। एआई तकनीक की मदद से फुटेज में दिख रहे आरोपी के चेहरे स्पष्ट किए गए। साइबर पुलिस ने भी तकनीकी जांच की, जिससे आरोपी हसनैन उर्फ हसन अली का नाम सामने आया, जो जलगांव जिले के भुसावल का निवासी है। हसनैन पर महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।

जलगांव पुलिस उसे पांच मामलों में कई महीनों से तलाश रही थी। वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर एलसीबी की दो टीमें आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल भेजी गईं। वहां जानकारी मिली कि आरोपी फिलहाल अमरावती में है। तुरंत दोनों टीमें अमरावती पहुंचीं। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया और वर्धा लाया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने कई खुलासे किए।

इस बड़ी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, एलसीबी पीआई विनोद चौधरी, पीएसआई विजयसिंग गोमलाडु, पुलिस हवालदार नरेंद्र पाराशर, सचिन इंगोले, चंद्रकांत बुरंगे, संजय राठोड, भूषन निघोट, प्रमोद पिसे, पवन पन्नासे, अमोल नगराले, दीपक साठे, मिथुन जिचकार, मंगेश चावरे, सुगम चौधरी, शुभम राऊत, अरविंद इंगोले, साइबर पुलिस के दिनेश बोथकर, गोविंद मुंडे, अक्षय राऊत, स्मिता महाजन ने अहम भूमिका निभाते हुए चालक अखिल इंगले, रितेश गेटमे आदि ने अंजाम दिया।

ग्वालियर में सुनार के पास गिरवी रखा था सोना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पुलगांव थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दो चेन स्नैचिंग की घटनाएं की थीं। वर्ष 2025 में वर्धा के रामनगर थाना क्षेत्र में तीन, यवतमाल के अवधूतवाड़ी थाना क्षेत्र में एक और फरवरी 2026 में मध्यप्रदेश के मंडला में एक घटना को अंजाम दिया। इस प्रकार उसने कुल 10 वारदातों को अंजाम दिया।

वर्धा की कुछ घटनाओं में भुसावल निवासी आतंक उर्फ सादिक इबादत अली (32) ने उसकी मदद की, जबकि एक मामले में मध्यप्रदेश के सेंधवा निवासी मोहम्मद अली हैद्रु अली भी शामिल था। आरोपी ने चोरी के लिए उपयोग की गई दोपहिया वाहन भोपाल के चुनाभट्टी थाना क्षेत्र से चुराई थी।

चोरी के गहनों को आरोपी ने अपनी पत्नी सुखैना अली और मोहम्मद अली हैद्रु अली की बहन सना अली (निवासी भोपाल) की मदद से ग्वालियर के एक ज्वेलर के पास गिरवी रखा था। कुछ माल को सादिक इबादत अली ने बेचने की बात कही थी। पुलिस ने कुल 126।370 ग्राम सोना, दो महंगे मोबाइल और एक दोपहिया वाहन सहित 20 लाख 90 हजार रुपये का माल जब्त किया है।

चेन स्नैचिंग की वारदातें :

पुलगांव में वर्ष 2024 में 2 वर्धा में वर्ष 2025 में 3 यवतमाल के अवधूतवाड़ी में 1 फरवरी 2026 में एमपी के मंडला में 1

आरोपी पर विविध थानों में 18 मामले दर्ज

आरोपी हसनैन उर्फ हसन अली जाफर अली के खिलाफ जलगांव जिले में चेन स्नैचिंग के पांच मामले दर्ज हैं, जबकि विभिन्न जिलों और राज्यों में उसके खिलाफ कुल 18 मामले दर्ज बताए गए हैं। जिस दोपहिया वाहन का उपयोग उसने किया था, उसे शिकायतकर्ता ने मात्र सात दिन पहले ही खरीदा था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com