महाराष्ट्र ATS का बड़ा ऑपरेशन, वर्धा से शहजाद भट्टी नेटवर्क का संदिग्ध गिरफ्तार

Shehzad Bhatti Network: महाराष्ट्र ATS ने वर्धा में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के कथित नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध को हिरासत में लिया। सोशल मीडिया और ISI लिंक की जांच जारी है।
wardha ats shehzad bhatti network suspect detained
Shehzad Bhatti (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha ATS Raid: महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने पाकिस्तान में बैठे कथित आईएसआई हैंडलर एवं गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ राज्यभर में व्यापक अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह वर्धा में भी संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। संदिग्ध देवली तहसील के किसी एक गांव का निवासी होना बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर और वर्धा एटीएस की आठ सदस्यीय टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वर्धा शहर पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाले लगभग 40 वर्षीय एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पाकिस्तानी गैंगस्टर के कथित नेटवर्क से है जुड़ा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उक्त व्यक्ति के सोशल मीडिया के माध्यम से शहजाद भट्टी के संपर्क में होने का संदेह है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर शहजाद भट्टी का कथित नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को धन एवं अन्य प्रलोभन देकर देशविरोधी गतिविधियों के लिए प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है। इसी नेटवर्क की पड़ताल और उसे ध्वस्त करने के उद्देश्य से एटीएस विभिन्न राज्यों में कार्रवाई कर रही है।

पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना

बताया जा रहा है कि वर्धा से हिरासत में लिए गए व्यक्ति के संपर्क में रहने वाले वडनेर थाना क्षेत्र के एक अन्य संदिग्ध को भी पूछताछ के लिए लाया गया है। हालांकि, दोनों व्यक्तियों की कथित संलिप्तता किस स्तर की है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

वर्धा में दो संदिग्धों से पूछताछ

देर शाम तक एटीएस की टीम संदिग्धों से पूछताछ के साथ उनके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी रही। फिलहाल, एटीएस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com