विधवा पुनर्विवाह से बदली सोच,इंदानी परिवार ने पेश की समाज के लिए प्रेरक मिसाल, माहेश्वरी समाज ने की सराहना
धामणगांव के इंदानी परिवार ने विधवा बहू का पुनर्विवाह कर समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह विवाह समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
Wardha District: समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए धामणगांव के इंदानी परिवार ने अपनी विधवा बहू दीपाली वरुण इंदानी का पुनर्विवाह पूरे सम्मान और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है. यह विवाह 25 अप्रैल को अकोला निवासी गौरव श्रीगोपाल बूब के साथ अकोला के वीर हनुमान लॉन में भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ.
इस अवसर पर परिवारजन, रिश्तेदार, समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे. सभी ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की और इंदानी परिवार के इस साहसिक व संवेदनशील निर्णय की खुलकर सराहना की. आज भी समाज में विधवा पुनर्विवाह को लेकर कई भ्रांतियां और पुरानी मान्यताएं प्रचलित हैं.
ऐसे समय में इंदानी परिवार का यह कदम नई सोच और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बनकर उभरा है, जो यह संदेश देता है कि हर व्यक्ति को जीवन में नई शुरुआत का अधिकार है. माहेश्वरी हितकारक संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार केला ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं. धामणगांव एवं वर्धा जिले के आर्वी के माहेश्वरी समाज ने नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और प्रगतिशील सोच का उत्कृष्ट उदाहरण बताया.
