वर्धा पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘वॉश आउट’ और ‘ऑल आउट’ अभियान में पकड़ी 20 करोड़ से अधिक की अवैध शराब और ड्रग्स
Wardha Crime Control: वर्धा में एसपी सौरभकुमार अग्रवाल के नेतृत्व में 'वॉश आउट' व 'ऑल आउट' अभियान चलाकर पुलिस ने अवैध शराब, ड्रग्स और हथियारों के खिलाफ ₹20 करोड़ से अधिक की जब्ती की।
- Written By: रूपम सिंह
वर्धा पुलिस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Wardha Police Saurabh Kumar Agrawal: वर्धा पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में वर्धा जिले में 1 मई से 31 मई 2026 के दौरान विशेष अभियान वॉश आउट तथा ऑपरेशन ऑल आउट चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य जिले में सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाना तथा कानून एवं सुव्यवस्था बनाए रखना था।
अभियान में जिले के सभी 11 पुलिस थानों, स्थानीय अपराध शाखा, पुलिस मुख्यालय तथा अन्य शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान अवैध शराब बिक्री, जुआ, मादक पदार्थ (एनडीपीएस) तथा आर्म्स एक्ट के तहत व्यापक कार्रवाई की गई।
जनवरी से मई 2026 तक वर्धा जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कुल 2,956 कार्रवाई की गईं। इन कार्रवाइयों में लगभग 19 करोड़ 62 लाख 99 हजार 855 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में लिप्त 74 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 57 लाख 90 हजार 85 रुपये का माल जब्त किया गया। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत 43 मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध कानून के अंतर्गत जनवरी से मई 2026 तक 245 मामलों में कार्रवाई कर 45 लाख 79 हजार 393 रुपये का माल जब्त किया गया।
सम्बंधित ख़बरें
Thane News: बदलापुर के कालू झरने में बड़ा हादसा, तेज बहाव में बहने से दो युवकों की मौत
मुंबई के भायखला पुलिस स्टेशन में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू, कोई हताहत नहीं
हार्बर लाइन पर 17 मिनट तक बाधित रही लोकल सेवा, विले पार्ले के पास पेड़ की शाखा बनी वजह
श्रीकांत शिंदे बनेंगे नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री? क्या कहा शिंदे गुट के सिद्धेश कदम ने
ये भी पढ़ें :- नालों की सफाई में लापरवाही पड़ी महंगी, मनपा आयुक्त अमोल येडगे की इंजीनियरों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आर्म्स एक्ट के तहत 56 मामले किए गए दर्ज
वर्धा जिले में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जांच की गई। इस दौरान आरोपियों के पास से चाकू, तलवार, कोयता और सुरा जैसे हथियार बरामद किए गए, इनके विरुद्ध भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत 56 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्धा जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, पुलिस अधीक्षक सोरभ कुमार अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दे, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
