

Chhatrapati Sambhajinagar Amol Yedge NMC: छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने मंगलवार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पहली ही बारिश में नालों की सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति सामने आई या नागरिकों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई, तो संबंधित सभी इंजीनियरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
नालों की सफाई कार्य की समीक्षा के लिए आयुक्त अमोल येडगे ने संबंधित विभाग के कार्यकारी इंजीनियरों, वार्ड इंजीनियरों और शाखा इंजीनियरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नालों के आसपास स्थित घरों में पानी
भरने की समस्या सामने आती है। इसे ध्यान में रखते हुए छत्रपति संभाजीनगर मनपा का पूरा तंत्र अभी से तैयार रखा जाए। वार्ड और शाखा इंजीनियरों को सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गड्डों, क्षतिग्रस्त सड़क विभाजकों और टूटी हुई सुरक्षा दीवारों की मरम्मत अगले चार से पांच दिनों में पूरी कर ली जाए, क्योंकि बारिश कभी भी शुरू हो सकती है।
क्षेत्रों की सूची तैयार कर वहां रहने वाले लोगों को चेतावनी दी जाए। इसके बावजूद यदि कोई नालों में कचरा डालता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने खुले नाले, खुले ड्रेनेज और बिना ढक्कन वाले मैनहोल को तत्काल ढकने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
जिन स्थानों पर बिजली विभाग अथवा बीएसएनएल की तारें खुले में दिखाई दे रही हैं, उनकी सूची बनाकर संबंधित विभागों को मरम्मत के लिए सूचित किया जाए। बारिश के दौरान किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। आयुक्त ने कहा कि साफ किए गए नालों में कुछ स्थानों पर नागरिकों द्वारा दोबारा कचरा फेंका जाता है।
आयुक्त अमोल येडगे ने अवैध होर्डिंग और बैनरों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कुछ विज्ञापन एजेंसियों ने होर्डिंग को आधा-अधूरा हटाया है। संबंधित एजेंसियों को पूरी तरह होर्डिंग हटाने के लिए कहा जाए। यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।