वर्धा में हादसों वाला शनिवार! दो अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Wardha News: वर्धा जिले के हिंगनघाट में वेल्डिंग का काम करने वाले 36 वर्षीय श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। वही दहेगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
Wardha Workers Dies In Accident
मृतक प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Wardha Workers Dies In Accident: वर्धा जिले में बीते 5 जुलाई को दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना हिंगनघाट तहसील के छोटी वणी स्थित शिवाय मिल की है, जहां बिहार के निवासी 36 वर्षीय श्रमिक मनु शंकर तिवारी की टीन शेड के नीचे करंट लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

वहीं दूसरी घटना में, झाड़गांव गोसावी निवासी 40 वर्षीय राकेश वासुदेव भोकरे का शव कवठा से दहेगांव रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी के पास पाया गया, जिनकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने का अनुमान है। पुलिस दोनों ही मामलों की गहराई से जांच कर रही है।

करंट से श्रमिक की मौत

करंट लगने से वेल्डिंग का काम करने वाले श्रमिक की मौत हो गई। उक्त घटना वर्धा जिले के हिंगनघाट तहसील के छोटी वणी स्थित शिवाय मिल में सामने आई। मृतक का नाम मनु शंकर तिवारी (36) बताया गया। मृतक यह मूलतः बिहार के भरोली का निवासी बताया गया, वह पिछले कुछ महीनों से शिवाय मिल में काम करता था व वहीं पर निवासित था।

5 जुलाई की सुबह जहां वेल्डिंग का काम होता था, वहीं पर टीन के शेड के नीचे मनु मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। यह बात ध्यान में आते ही कंपनी में खलबली मच गई, वहीं पर एक इलेक्ट्रिक बोर्ड पड़ा दिखाई दिया। मनु को अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया, करंट लगने से उसकी मौत का अनुमान जताया गया।

ट्रेन की चपेट में आकर हुई मौत

ट्रेन की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त घटना वर्धा जिले के कवठा से दहेगांव रेलवे स्टेशन के बीच मलकापुर परिसर में सामने आई। मृतक का नाम राकेश वासुदेव भोकरे (40) बताया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाड़गांव गोसावी निवासी मृतक राकेश भोकरे का शव 5 जुलाई की सुबह मलकापुर क्षेत्र में रेल पटरी के पास पाया गया। ट्रेन की टक्कर से उसकी मौत होने का अनुमान लगाया गया। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, घटना का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। इस प्रकरण में मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com