कारंजा-घाडगे में मलेरिया का प्रकोप; देववाडी में मिले 9 पॉजिटिव मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने बनाई 5 टीमें

Wardha District News: कारंजा-घाडगे तहसील के देववाडी और पारधीबेडा में मलेरिया के 9 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में नियंत्रण के लिए 5 विशेष टीमें गठित की हैं।
A malaria outbreak has been reported in Devwadi and Pardhibeda under Karanja-Ghadge tehsil with 9 positive cases. The health department has deployed 5 special teams.
मलेरिया का प्रकोप 9 पॉजिटिव मरीज (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Wardha District Health Department: कारंजा-घाडगे तहसील के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सारवाडी अंतर्गत आने वाले देववाडी और पारधीबेडा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब तक इन क्षेत्रों में 9 मलेरिया मरीजों की पुष्टि होने के बाद न केवल तहसील बल्कि पूरे जिले का स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल विशेष कदम उठाते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देववाडी और सारवाडी क्षेत्र को मलेरिया प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और मरीजों की निगरानी तथा उपचार के लिए आवश्यक सभी उपाय किए जा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वप्नील बेले, अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नलिनी विखे, जिला महामारी अधिकारी डॉ. नितीन झलके तथा तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश रंगारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मलेरिया संक्रमित मरीजों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सारवाडी में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देववाडी, पारधीबेडा और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं और बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान की जा रही है। प्रत्येक संदिग्ध मरीज की सीरम जांच और मलेरिया टेस्ट किया जा रहा है ताकि बीमारी को फैलने से पहले नियंत्रित किया जा सके।

अब तक यहां मुंबई से आने वालों की संख्या 41 बताई गई। जबकि 9 की मलेरिया रिपोर्ट पॉजिटिव बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, ठंड लगना, उल्टी, जी मिचलाना या सिरदर्द जैसी समस्याएं महसूस होती हैं तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में

DHO जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वप्नील बेले ने बताया कि सभी मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर लोगों की नियमित जांच की जा रही है। किसी भी नए मरीज के सामने आने पर तत्काल उपचार शुरू किया जा रहा है, ताकि बीमारी का फैलाव रोका जा सके। क्षेत्र में लगातार निगरानी और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता के चलते प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

नमूने पॉजिटिव पाए गए

डॉ. रंगारी इस संबंध में तहसील वैद्यकीय अधिकारी डॉ. सुरेश रंगारी ने बताया कि देववाडी और पारधीबेडा क्षेत्र के कुछ परिवार रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे। वहां वे बीमार पड़ गए और बाद में अपने गांव लौट आए। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उन्हें मुंबई शहर में ही मलेरिया का संक्रमण हुआ होगा। गांव लौटने के बाद जब उनका बुखार बढ़ा तो सारवाडी अस्पताल में उनकी जांच की गई, जिसमें उनके मलेरिया नमूने पॉजिटिव पाए गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com