BMC IIM Mumbai Urban Governance News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के शहरी प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित बनाने की दिशा में बीएमसी और आईआईएम मुंबई ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
दोनों संस्थानों के बीच सोमवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत शहरी प्रशासन, अनुसंधान, नवाचार और क्षमता विकास के क्षेत्रों में व्यापक सहयोग किया जाएगा।
इस समझौते पर बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े और आईआईएम मुंबई के निदेशक मनोज कुमार तिवारी ने हस्ताक्षर किए, समारोह में बीएमसी और आईआईएम मुंबई के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
एमओयू के तहत आईआईएम मुंबई शहर के सामने मौजूद जटिल चुनौतियों के समाधान के लिए प्रबंधन, डेटा विश्लेषण, सार्वजनिक नीति और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े अध्ययन करेगा। शैक्षणिक विशेषज्ञता और प्रशासनिक अनुभव को एक मंच पर लाकर शहर की नीतियों और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा शहरी प्रशासन, नगर वित्त, बुनियादी ढांचा योजना और सार्वजनिक प्रशासन से जुड़े विषयों पर संयुक्त शोध किए जाएंगे, जिनके आधार पर नीति संबंधी सुझाव और मार्गदर्शक रिपोर्ट तैयार होंगी। समझौते के तहत बीएमसी अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इनमें शहरी प्रबंधन, भू-स्थानिक अवसंरचना योजना, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), जोखिम प्रबंधन, सार्वजनिक खरीद और अनुबंध प्रबंधन जैसे विषय शामिल होंगे। साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन, जलापूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।