विदर्भ में प्री-मानसून की दस्तक; अमरावती, चंद्रपुर और मारेगांव में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश से तबाही
Maharashtra Weather Update: विदर्भ के मारेगांव, अमरावती और चंद्रपुर में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दी। भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ।
- Written By: रूपम सिंह
विदर्भ में प्री-मानसून , (डिजाइन फोटो- नवभारत)
Maharashtra Weather Update Heavy Rain Vidarbha: लंबे इंतजार के बाद विदर्भ में प्री-मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। सोमवार को यवतमाल जिले के मारेगांव, चंद्रपुर, अमरावती, माजरी और सेलू तहसील के महाबला-इटाला क्षेत्र समेत कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और झमाझम बारिश हुई। जहां एक ओर बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली तथा किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने कई स्थानों पर भारी नुकसान भी पहुंचाया।
मारेगांव तहसील में हुई जोरदार बारिश से किसानों और नागरिकों में खुशी का माहौल है। खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसानों को बारिश से बड़ी राहत मिली है। खेत-तालाबों, नालों और कुओं में पानी की आवक शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में संतोष का वातावरण है। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होगी, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई समय पर हो सकेगी।
गर्जना के साथ बरसे मेघ, बिजली सप्लाई खंडित
चंद्रपुर जिले में दोपहर बाद पहले तेज आंधी चली और फिर बादलों की गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। माजरी क्षेत्र में आंधी-तूफान के कारण कई विशाल पेड़ घरों पर गिर गए, जिससे मकानों को नुकसान पहुंचा। कई जगह टीन की छतें उड़कर दूर जा गिरीं। मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मानसून पहुंचने के बाद एक सप्ताह के भीतर इसके विदर्भ में प्रवेश की संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई लोकल में अब डिजिटल पहरा, 1,306 डिब्बों में लगेंगे CCTV, हर हरकत होगी कैमरे में कैद
नागपुर के मानेवाड़ा घाट पर सनसनीखेज गैंगवार: समझौते के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, साथी की हालत गंभीर!
महाराष्ट्र में मानसून की फिर तूफानी वापसी: पुणे, सातारा के घाट क्षेत्रों और कोंकण में अतिभारी बारिश का अलर्ट
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर शरद पवार का दावा, मेरी सलाह के बाद PM मोदी ने CJP आंदोलन पर लिया संज्ञान
अमरावती शहर में सोमवार शाम करीब पांच बजे मौसम ने अचानक करवट ली। चक्रवाती हवाओं और तेज बारिश ने पूरे शहर को प्रभावित किया। तेज हवाओं के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गईं, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। प्रशासन को राहत एवं सफाई कार्य में जुटना पड़ा।
माजरी और आसपास के पटला, नागलोन, पवसगांव तथा रालेगांव क्षेत्रों में भी तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ। नौतपा की तपती गर्मी के बीच आए इस मौसम परिवर्तन ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कई परिवारों को घरों और कृषि फसलों के नुकसान का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़े:- कुंभ की तैयारियों के बीच नंदिनी नदी पर संकट, राजेश पंडित ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
बारिश ने माजरी में मचाई तबाही
वहीं, सेलू तहसील के महाबला-इटाला क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। कुछ ही मिनटों में कई घरों की टीन की छतें उड़ गईं, पेड़ उखड़कर गिर पड़े तथा खेतों और पशुधन को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ समय तक आसपास का दृश्य भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।
मौसम विभाग ने 7 से 11 जून के बीच जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। संभावित प्राकृतिक आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
