बोरीवली-ठाणे टनेल रोड के लिए दो कंपनियां रेस में, मानसून तक काम होगा शुरू
- Written By: प्रभाकर दुबे
मुंबई: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) का ड्रीम प्रोजेक्ट (Dream Project) कहे जाने वाले बोरीवली-ठाणे टनेल रोड प्रोजेक्ट (Borivali-Thane Tunnel Road) की शुरुआत जल्द हो सकती है। राज्य के सबसे लंबे टनेल रोड के लिए एमएमआरडीए (MMRDA) ने निविदा (Tender ) जारी कर दी है। इस बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट के लिए दो कंपनियां मैदान में हैं। बताया गया कि लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) 11.84 किमी ठाणे-बोरीवली जुड़वा सुरंग परियोजना के निर्माण के लिए केवल दो बोलीदाता हैं। उल्लेखनीय है कि ठाणे-बोरीवली के बीच संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से गुजरने वाले भूमिगत मार्ग को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से मंजूरी मिल गई है, इसके अलावा पर्यावरण से संबंधित मंजूरी के नियमों में ढील दी गई है।
जमीन सतह के नीचे 23 मीटर की अधिकतम गहराई पर चार मेगा टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम) का उपयोग करके प्रत्येक तीन लेन वाली सुरंगों का निर्माण किया जाएगा। मुंबई के पश्चिमी उपनगर बोरीवली में मागाठाणे के एकता नगर और ठाणे में मानपाड़ा स्थित टिकुजी वाडी को सुरंग रोड के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इस टनेल रोड परियोजना के लिए लगभग 57 हेक्टेयर वन भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए औरंगाबाद जिले के फुलुमरी के उमरावती में 60 हेक्टेयर भूमि इस परियोजना से प्रभावित वन भूमि के बदले वैकल्पिक वनरोपण के लिए वन विभाग को दी गई है।
दो पैकेज में होगा निर्माण
13 हजार 200 करोड़ रुपए की इस परियोजना के तहत दो पैकेज में निर्माण होगा। एमएमआरडीए के अनुसार, पैकेज-1 में बोरीवली की तरफ 5.75 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण और पैकेज-2 में ठाणे की तरफ 6.09 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा दोनों सिरों पर एक संयुक्त रूप से एक किमी की सड़कें बनेंगी। निविदा को तकनीकी मूल्यांकन के लिए भेजा गया है। प्रत्येक पैकेज के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को ठेका दिया जाएगा। इस मानसून तक प्रोजेक्ट का काम शुरू होने की संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
ना गम, ना पछतावा… मुंबई लोकल में युवक की हत्या के बाद बेखौफ घूमता दिखा कातिल, रोंगटे खड़े कर देगा ये VIDEO
मौत के कुएं बनते जा रहे हैं मेनहोल, BMC अधिकारी के साथ हुई घटना को लेकर ठेकेदारों पर भड़के अमोल मातोले
राज्य में बाल विवाह रोकने के लिए अपनायी जाएगी राजस्थान मॉडल, मंत्री अदिती तटकरे ने बताया सरकार का प्लान
‘उद्धव ठाकरे अब ‘उद्धव खान’ बन गए हैं’, नितेश राणे ने UBT के बागी सांसदों को बताया हिंदुत्व के मार्ग पर अग्रसर
15 मिनट में ठाणे से बोरीवली
संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के अंदर से 11.84 किमी लंबा भूमिगत मार्ग बन जाने से ठाणे से बोरीवली की दूरी लगभग आधी रह जाएगी। इस समय ठाणे से बोरीवली की दूरी घोड़बंदर के रास्ते 23 किमी है और पीक ऑवर्स के दौरान इस दूरी को कवर करने में एक घंटे से अधिक का समय लगता है। नया टनेल रोड बनने पर मात्र 15 से 20 मिनट में ठाणे से सीधे बोरीवली पहुंचा जा सकेगा। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में चार से पांच साल लगेंगे।
