उल्हासनगर मनपा महापौर-उपमहापौर चुनाव, शिंदे शिवसेना की अश्विनी निकम बनीं महापौर

Ulhasnagar Municipal Election: उल्हासनगर मनपा में चार साल बाद निर्विरोध चुनाव के जरिए शिंदे शिवसेना की अश्विनी निकम महापौर और भाजपा के अमर लुंड उपमहापौर बने।
Ulhasnagar municipal election
Ashwini Nikam mayor (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ashwini Nikam Mayor: चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद उल्हासनगर महानगरपालिका में निर्वाचित नेतृत्व का नया अध्याय शुरू हुआ है। मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में शिवसेना (शिंदे गुट) की अश्विनी कमलेश निकम ने महापौर पद तथा भारतीय जनता पार्टी के अमर लुंड ने उपमहापौर पद का आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाला। दोनों का चयन निर्विरोध हुआ।

भाजपा और शिंदे शिवसेना के बीच गठबंधन होने के कारण यह चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ, जिससे मनपा की राजनीति में स्थिरता आई है। शहरवासियों को उम्मीद है कि पिछले कई वर्षों से रुका हुआ विकास कार्य अब गति पकड़ेगा। नवनिर्वाचित महापौर अश्विनी निकम ने शिवसेना (शिंदे गुट) के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा था और वे इसमें सफल रहीं। उल्लेखनीय है कि इस बार महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था।

भाजपा के अमर लुंड उपमहापौर

अश्विनी निकम ‘टीम ओमी कालानी’ से जुड़ी हुई हैं। शिवसेना ने अपने पहले कार्यकाल में सहयोगी दल टीओके के लिए महापौर पद छोड़ा था, जिसके तहत टीओके प्रमुख ओमी कालानी एवं कालानी परिवार के करीबी कमलेश निकम की पत्नी अश्विनी निकम को महापौर बनने का अवसर मिला। मनपा मुख्यालय में रत्नागिरी जिले के जिलाधिकारी मनुज जिंदल तथा मनपा आयुक्त मनीषा अव्हाले की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया और तत्पश्चात शपथग्रहण समारोह संपन्न हुआ। चुनाव के दौरान मनपा के सभी 78 पार्षद सभागृह में उपस्थित थे। चूंकि इन दोनों पदों के लिए कोई प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार नहीं था, इसलिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निर्विरोध रही।

निर्विरोध चुनाव के बाद दोनों ने संभाला कार्यभार

सत्ताधारी महागठबंधन में संतोष का माहौल है, क्योंकि बिना किसी विवाद के सर्वसम्मति से नया नेतृत्व चुना गया है। राजनीतिक हलकों में भी इस निर्णय का स्वागत किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले चार वर्षों से अधिक समय तक मनपा प्रशासनिक नियंत्रण में थी, जिससे कई नीतिगत निर्णय और नागरिक मुद्दे लंबित रहे। निर्वाचित प्रतिनिधियों के आने से अब बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

पदभार ग्रहण करते ही महापौर अश्विनी निकम ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि सड़कें, जल आपूर्ति, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में रहेंगी। वहीं उपमहापौर अमर लुंड ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पारदर्शी और गतिशील शासन पर जोर दिया।

नागरिकों ने जो विश्वास जताया

इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए महापौर अश्विनी कमलेश निकम ने कहा कि नागरिकों ने जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगी। चार वर्षों बाद लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए इस नेतृत्व पर शहर के भविष्य की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे सभी पार्षदों और प्रशासन को साथ लेकर निभाया जाएगा।

इस अवसर पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, विधायक कुमार आयलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वधारिया, मनपा आयुक्त मनीषा अव्हाले तथा जिलाधिकारी मनुज जिंदल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने नवनिर्वाचित महापौर और उपमहापौर को जीत की बधाई दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com