

SIR 2026 Voter List Claims Objections October 12: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
इसके तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मौजूदा प्रविष्टियों में सुधार करने या नाम हटाने के लिए दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि अब 12 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 16 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे मतदाता जो अनुपस्थित रहने, स्थानांतरण या अन्य कारणों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा सके हैं, उन्हें अब अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया है।
इसके अलावा, 1 अक्टूबर 2024 के बाद 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी इस अभियान के तहत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का मौका मिलेगा। 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नवमतदाता इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
संशोधित कार्यक्रम के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम या अन्य विवरण में सुधार तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी दावे और आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं। इसके लिए 31 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल के अनुसार, मतदाताओं की सुविधा के लिए ठाणे जिले के सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर 3 अक्टूबर (शनिवार), 4 अक्टूबर (रविवार), 10 अक्टूबर (शनिवार) और 11 अक्टूबर (रविवार) 2026 को संबंधित निर्धारित स्थानों और मतदान केंद्रों पर आयोजित होंगे। शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी।
नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची में सुधार के लिए फॉर्म-8 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा करना होगा। आवेदन के साथ आवश्यक घोषणा-पत्र और संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।
शिविरों में मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (BLO) के साथ राजनीतिक दलों के मतदान केंद्र स्तरीय प्रतिनिधियों (BLA) की मौजूदगी के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं और दिव्यांग नागरिकों के समावेशन को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
ठाणे के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।