

Kasara Rail Block 12 Days Local Express Trains Affected: मध्य रेल के उत्तरी घाट वाले कसारा में तीसरी लाइन प्रोजेक्ट और कसारा यार्ड में अप लाइन के विस्तार के लिए 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक 12 दिनों का विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है।
इस दौरान प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (NI), नॉन-इंटरलॉकिंग और पोस्ट-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाएंगे। ब्लॉक का असर उपनगरीय लोकल के साथ-साथ लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ेगा।
आसनगांव-कसारा के बीच तीसरी लाइन की कनेक्टिविटी का यह काम कसारा-कल्याण के बीच तीसरी और चौथी लाइन परियोजना का हिस्सा है। परियोजना पूरी होने के बाद मेल/एक्सप्रेस और उपनगरीय ट्रेनों को अलग-अलग संचालित करने में सुविधा होगी।
इससे लाइन क्षमता बढ़ाने, ट्रेन परिचालन में लचीलापन लाने और भविष्य में अतिरिक्त सेवाएं चलाने में मदद मिलेगी।
7 और 8 अक्टूबर को ब्लॉक 3:35 से रात 8:35 बजे तक रहेगा। इस दौरान आसनगांव-कसारा के बीच लोकल सेवा उपलब्ध नहीं होगी। सीएसएमटी से 1:10, 2:17, 2:46 और 4:50 बजे कसारा के लिए चलने वाली लोकल आसनगांव तक ही जाएंगी। वहीं कसारा से 3:35, 4:16, 5:02 और 6:17 बजे रवाना होने वाली लोकल आसनगांव से शॉर्ट ओरिजिनेट होंगी।
ब्लॉक से पहले कसारा के लिए सीएसएमटी से अंतिम लोकल 12:30 बजे, जबकि कसारा से सीएसएमटी के लिए अंतिम लोकल 2:42 बजे होगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल सीएसएमटी से 6:28 बजे और सीएसएमटी के लिए कसारा से 8:35 बजे रवाना होगी।
8 और 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि 00:30 से 5:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कई लोकल रद्द रहेंगी। इनमें 8 अक्टूबर की 10:47 और 9 अक्टूबर की 00:08 बजे सीएसएमटी-कसारा लोकल, 8 अक्टूबर की 11:14 बजे टिटवाला-ठाणे लोकल और 9 अक्टूबर की 3:51 बजे कसारा-सीएसएमटी लोकल शामिल हैं।
ब्लॉक के चलते 12167 एलटीटी-बनारस, 12141 एलटीटी-पाटलिपुत्र, 11057 सीएसएमटी-अमृतसर, 22177 सीएसएमटी-बनारस महानगरी और 22538 एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस को रिशेड्यूल किया गया है। इनके अलावा कई ट्रेनों को इगतपुरी, खर्डी और आठगांव में रेगुलेट किया जाएगा। भुसावल मंडल में भी कई ट्रेनों को 30 मिनट से 1 घंटे 25 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।
मध्य रेल ने बताया कि ट्रेनों की रेगुलेशन और एक साथ कई ट्रेनों के पहुंचने के कारण कुछ सेवाएं देरी से चल सकती हैं। 9 अक्टूबर के बाद होने वाले ब्लॉक की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय-सारिणी देखने की अपील की है।